Shri Amarnath Ji Yatra: भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ के शनिवार को पहलगाम रवाना होने के साथ ही वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा के मुख्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। पवित्र छड़ी को दशनामी अखाड़ा भवन से यात्रा से जुड़े विभिन्न अनुष्ठानों के लिए पहलगाम ले जाया जा रहा है।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई पूजा
दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित श्री अमरनाथ जी गुफा की ओर रवाना होने से पहले शनिवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ‘छड़ी मुबारक’ के संरक्षक महंत दीपेंद्र गिरि जी के नेतृत्व में साधुओं के एक समूह ने पूजा-अर्चना की।
28 अगस्त को गुफा में होगा पूजन-दर्शन
श्री अमरनाथ जी यात्रा इस साल खराब मौसम और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण नौ अगस्त को स्थगित कर दी गई थी। हालांकि, इससे जुड़े धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। महंत दीपेंद्र गिरि जी ने बताया कि 28 अगस्त को ‘श्रावण पूर्णिमा’ के शुभ अवसर पर ‘पूजन’ और ‘दर्शन’ के लिए पवित्र छड़ी को श्री अमरनाथ जी गुफा ले जाया जाएगा।
इन जगहों पर रुकेगी पवित्र छड़ी
महंत दीपेंद्र गिरि जी के मुताबिक, पवित्र छड़ी शनिवार और रविवार को पहलगाम में रुकेगी। इसके बाद 24 अगस्त को चंदनवाड़ी, 25 अगस्त को शेषनाग और 26 व 27 अगस्त को पंचतरणी में इसका पड़ाव होगा।
4.80 लाख से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके यात्रा
इस साल श्री अमरनाथ जी यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और अब तक 4.80 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। यात्रा का धार्मिक समापन 28 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर होगा।
श्री बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी पहुंचा सबसे बड़ा जत्था
इधर, श्री बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा के मौजूदा सीजन में जम्मू से श्रद्धालुओं का अब तक का सबसे बड़ा जत्था राजौरी पहुंचा और वहां से पुंछ के लिए रवाना हो गया। इस जत्थे में 2,500 से ज्यादा तीर्थयात्री शामिल थे। पिछले कई वर्षों में भी इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक साथ इस यात्रा में शामिल नहीं हुए थे।
गुजरात, सौराष्ट्र और ओडिशा से पहुंचे श्रद्धालु
गुजरात, सौराष्ट्र और ओडिशा के श्रद्धालु शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से राजौरी पहुंचे। राजौरी पहुंचने पर स्थानीय लोगों और यात्रा आयोजन समिति के सदस्यों ने तीर्थयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कुछ देर रुकने के बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुंछ के लिए रवाना किया गया।
पांचवें दिन बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरे सफर के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्री बाबा बुड्ढा अमरनाथ जी की सालाना यात्रा के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। यात्रा रक्षाबंधन के त्योहार 28 अगस्त तक जारी रहेगी और श्रद्धालुओं में इसे लेकर खासा उत्साह है।
Read More:

