CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने खेलों के समापन से एक दिन पहले शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 10वें दिन यानी 1 अगस्त को भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 16 पदक अपने नाम किए। इनमें 8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं। सबसे बड़ी भूमिका भारतीय बॉक्सरों ने निभाई, जिन्होंने गोल्ड मेडल की झड़ी लगा दी। इस शानदार प्रदर्शन का सीधा असर मेडल टैली पर भी देखने को मिला, जहां भारत ने एक ही दिन में छह नंबर की छलांग लगा दी।
मेडल टैली में 10वें से चौथे स्थान पर पहुंचा भारत
10वें दिन के मुकाबलों से पहले भारत के खाते में 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज सहित कुल 23 पदक थे और टीम 10वें स्थान पर थी। लेकिन एक ही दिन में मिले 16 मेडल्स ने भारत की तस्वीर बदल दी। अब भारत के नाम 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ कुल 39 पदक हो गए हैं। इसी के साथ भारतीय टीम मेडल टैली में सीधे चौथे स्थान पर पहुंच गई। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन 2010 के दिल्ली खेलों में रहा था, जब उसने 38 गोल्ड समेत कुल 101 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था।
भारतीय बॉक्सरों ने रचा इतिहास
10वें दिन भारत के 10 मुक्केबाज गोल्ड मेडल मुकाबलों में उतरे थे। इनमें से 7 बॉक्सरों ने अपने-अपने फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि बाकी तीन खिलाड़ियों को फाइनल में हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब भारतीय बॉक्सरों ने एक ही संस्करण में 7 गोल्ड मेडल जीते हैं। बॉक्सिंग के अलावा भारत को दिन का आठवां गोल्ड पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा ने मेंस शॉट पुट F57 स्पर्धा में दिलाया।
सिल्वर और ब्रॉन्ज में भी भारत का शानदार प्रदर्शन
भारत ने 10वें दिन कुल 5 सिल्वर मेडल जीते। इनमें तीन सिल्वर बॉक्सिंग की वीमेंस 75 किलोग्राम, मेंस 90 किलोग्राम और मेंस 55 किलोग्राम वर्ग से आए। वहीं बाकी दो सिल्वर मेंस ट्रिपल जंप और मेंस शॉट पुट F57 स्पर्धा में मिले। इसके अलावा भारत ने तीन ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किए। इनमें एक पदक मेंस ट्रिपल जंप, दूसरा मेंस 5000 मीटर दौड़ और तीसरा जूडो में मिला।
10वें दिन के बाद टॉप-10 मेडल टैली
10वें दिन के खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया 63 गोल्ड, 40 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज सहित कुल 154 पदकों के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। इंग्लैंड 26 गोल्ड, 40 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज के साथ 100 पदकों के दम पर दूसरे स्थान पर है। कनाडा 18 गोल्ड, 20 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज सहित कुल 59 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ कुल 39 पदकों के दम पर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इसके बाद स्कॉटलैंड (38), नाइजीरिया (23), जमैका (17), न्यूजीलैंड (28), वेल्स (30) और मलेशिया (14) पांचवें से दसवें स्थान पर हैं।
Read More:

