CM Yogi Western UP Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, शामली और बिजनौर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह तीनों जिलों में करीब 2,500 करोड़ रुपये की 254 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री सात विधानसभा क्षेत्रों शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर के लोगों को विकास योजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे और जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे।
तीनों जिलों को मिलेंगी विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गाजियाबाद, शामली और बिजनौर में बड़ी संख्या में विकास कार्यों की शुरुआत होगी। गाजियाबाद में 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 परियोजनाओं, शामली में 581 करोड़ रुपये से अधिक की 89 परियोजनाओं और बिजनौर में 1,003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शामली में कई अहम परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री लखनऊ से सीधे शामली पहुंचेंगे। यहां वह शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान कैराना में राज्य कर विभाग के कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय और थानाभवन में राजकीय महिला आईटीआई सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी।
बिजनौर को स्वास्थ्य और पर्यटन की सौगात
बिजनौर में मुख्यमंत्री 1,003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा रामबाग रोड पर कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य का लोकार्पण और विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य सहित कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
गाजियाबाद में सुरक्षा ढांचे को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री शाम को गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह तेजपाल त्यागी कुशपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज, मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके अलावा 47वीं वाहिनी पीएसी में 200 क्षमता वाली बैरक और 100 व 150 जवानों के लिए दो नई बैरकों का उद्घाटन करेंगे। विभिन्न पेयजल योजनाओं के साथ गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन और पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
गाजियाबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। वह शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और दूसरी व्यवस्थाओं को लेकर जरुरी दिशा-निर्देश देंगे। इससे कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
Read More:
दिल्ली में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर NDA की बड़ी बैठक, मॉनसून सत्र की रणनीति पर होगा मंथन

