UP TET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 गुरुवार से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 4 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा में किसी भी तरह की नकल न हो और यह बिना किसी बाधा के हो जाए इसके लिए, इस बार आयोग ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19.94 लाख छात्र परीक्षा देंगे। इनमें 17,67,180 छात्र उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हैं, जबकि 2,27,481 उम्मीदवार दूसरे राज्यों से परीक्षा देने पहुंचेंगे। इसके अलावा 1,85,791 सेवारत शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
पेपर – 1 (प्राथमिक स्तर – कक्षा 1 से 5) सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा, जबकि अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक होगी। पेपर – 2 (उच्च प्राथमिक स्तर – कक्षा 6 से 8) दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और प्रवेश दोपहर 12:15 बजे से 1:45 बजे तक मिलेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, आइरिस स्कैन और लाइव फोटो कैप्चर जरुरी किया गया है। क्वेश्चन पेपर के बॉक्स कलर-कोडेड होंगे और उनमें वन-टाइम डिजिटल लॉक लगाए गए हैं, जिन्हें परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही खोला जाएगा। क्वेश्चन पेपर और ओएमआर शीट के ट्रंक भी वन टाइम लॉक से सुरक्षित रखे गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के CCTV कैमरों की लाइव फीड लखनऊ में मौजूद कंट्रोल रूम से जोड़ी गई है, जबकि जिला स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
खुफिया एजेंसियां और साइबर टीम अलर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नकल और पेपर लीक की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत प्रदेश की सभी खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए स्पेशल साइबर टीम भी तैनात की गई है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम 60 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है। एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र साथ लाना जरुरी रहेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर पूरी तरह बैन रहेंगे। परीक्षा केंद्रों में टीचर्स की तैनाती परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले रैंडमाइजेशन के जरिए होगी और हर अभ्यर्थी की जांच एक मिनट में पूरी करने के निर्देश हैं।
सेवारत शिक्षकों के लिए अहम परीक्षा
UP-TET 2026 में बड़ी संख्या में सेवारत शिक्षक भी शामिल हो रहे हैं। प्रदेश में करीब 1.86 लाख ऐसे शिक्षक हैं जिन्होंने अभी तक टीईटी पास नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार 31 अगस्त 2027 तक आठवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना जरुरी है। समय सीमा के भीतर परीक्षा पास नहीं करने पर नौकरी और पदोन्नति दोनों प्रभावित हो सकती हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने परीक्षा में शामिल होने वाले सेवारत शिक्षकों को विशेष अवकाश भी दिया है।
Read More:

