International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने जनता को शुभकामनाएं दीं हैं और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए जनता से अपील की है। रविवार सुबह आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों में कई मुख्यमंत्रियों ने योगाभ्यास भी किया। नेताओं ने अपने संदेशों में योग को भारत की प्राचीन विरासत बताते हुए इसके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर जोर दिया।
CM योगी बोले- योग बना वैश्विक जनआंदोलन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “‘योग: कर्मसु कौशलम्’। योग व्यायाम के साथ ही शरीर, मन और आत्मा को एकाकार करने वाला विज्ञान भी है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और योग साधकों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ और आरोग्य राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।
CM सैनी ने बताया अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य ज्ञान बताया। उन्होंने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन और आंतरिक संतुलन का मार्ग दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और यह जन-जन के जीवन का हिस्सा बनता जा रहा है। उनके अनुसार योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मन को शांत, विचारों को सकारात्मक और जीवन को अनुशासित बनाने की प्रभावी साधना भी है।
CM सम्राट चौधरी बोले- ‘करें योग, रहें निरोग’
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं। उन्होंने लोगों से योग अपनाकर स्वस्थ भारत, सशक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की। “करें योग, रहें निरोग।”
CM भजनलाल शर्मा ने बताया ऋषि-मुनियों की धरोहर
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि-मुनि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि सदियों से योग मानव जीवन को स्वास्थ्य, संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग दिखाता आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों के कारण आज योग विश्वभर में मानव कल्याण का संदेश दे रहा है।
CM रेखा ने योग को आत्मिक शांति से जोड़ा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योग को भारत की प्राचीन संस्कृति का अनुपम उपहार बताते हुए कहा कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में योग आत्मिक शांति और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ, सशक्त एवं खुशहाल दिल्ली के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा, “योग करें, निरोग रहें।”
CM धामी बोले- योग एक संपूर्ण जीवनशैली
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। उनके अनुसार योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से शांत और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है। CM धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योग वैश्विक स्तर पर जनआंदोलन बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।
CM मोहन यादव ने PM मोदी की पहल का किया जिक्र
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में संयुक्त राष्ट्र संघ के माध्यम से योग को पूरी दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान का मजबूत माध्यम बन चुका है।
Read More:

