दिल्ली के भारत मंडपम में NDA के मुख्यमंत्रियों, उप-मुख्यमंत्रियों और दिग्गज नेताओं की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। यह आयोजन PM नरेंद्र मोदी के नाम दर्ज हुए एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के जश्न में हुआ था। दरअसल, पीएम मोदी ने देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का एक नया कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। इस खास मौके पर मंच पर मौजूद तमाम सहयोगी दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री को इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया।
#WATCH | दिल्ली: NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "…NDA के 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में… pic.twitter.com/gP9mJ3xFPC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 10, 2026
धीमी विकास दर पर कांग्रेस को घेरा
इस गरिमामयी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा वैचारिक हमला बोला। उन्होंने देश के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान देश की धीमी विकास दर का कलंक एक सोची-समझी रणनीति के तहत देश की बड़ी हिंदू आबादी के सिर मढ़ दिया गया था। उस दौर में धीमी तरक्की को ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दिया गया और यह तर्क गढ़ा गया कि अधिक आबादी होने की वजह से विकास दर कम है। पीएम मोदी ने इस धारणा को एक कुसंस्कृति बताते हुए कहा कि असलियत में इस कछुआ गति वाली विकास दर का नाम ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ होना चाहिए था।
जनता ईश्वर और मिडिल क्लास प्राथमिकता
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके लिए जनता जनार्दन ही ईश्वर का रूप है। उन्होंने एनडीए के नेताओं को मंत्र देते हुए कहा कि देश के मिडिल क्लास यानी मध्यम वर्ग को किसी भी हाल में पीछे नहीं छूटने देना है और उनके कल्याण के लिए दिन-रात काम करना है। देश के आम लोग जो उम्मीदें सरकार से लगाए बैठे हैं, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा। इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में एनडीए ने देश को एक स्थिर सरकार दी है जो राष्ट्रीय हितों के साथ-साथ क्षेत्रीय आकांक्षाओं को भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के सपने को सच करने के लिए सभी सहयोगियों से मिलकर काम करने की अपील की।
READ MORE: Trump का ईरान पर तीखा हमला, कहा- पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है ईरानी सेना…

