CM Yogi Gorakhpur Visit: उत्तर प्रदेश के लिए 16 मई का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को विश्वस्तरीय खेल सुविधा की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। सीएम योगी इस दिन पूर्वांचल के पहले और प्रदेश के चौथे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को गोरखपुर और आसपास के जिलों के खेल विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
जनता दर्शन में सुनेंगे लोगों की समस्याएं
शनिवार को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जनता से सीधे संवाद से भी जुड़ा रहेगा। ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की समस्याएं सुनने के बाद वे मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश देंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान कई विकास परियोजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
तालनदोर में होगा सबसे बड़ा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का सबसे अहम कार्यक्रम तालनदोर क्षेत्र में प्रस्तावित है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की नींव रखेंगे। स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े क्रिकेट मैच आयोजित किए जा सकेंगे। इससे पूर्वांचल के युवा खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और बड़े मंच मिलने का रास्ता खुलेगा।
खिलाड़ियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को होगा फायदा
नए क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से सिर्फ खेल गतिविधियों को ही बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी फायदा होने की उम्मीद है। बड़े मैचों और खेल आयोजनों से होटल, परिवहन और अन्य व्यवसायों में भी तेजी आ सकती है। साथ ही क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलने की संभावना बढ़ेगी।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। हेलीपैड निर्माण से लेकर सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों तक सभी जरूरी कार्य तेजी से पूरे किए गए हैं अधिकारियों का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
Read More:

