विजय थलपति(Vijay Thalapathy) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। तमिलनाडु की राजनीति में शानदार एंट्री और चुनावी सफलता के बाद अब उन्होंने अपने करीबी ज्योतिषाचार्य थिरु रिक्की राधान को सरकार में अहम जिम्मेदारी देकर सबका ध्यान खींच लिया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, राधान को मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया गया है।
राधान वही ज्योतिषाचार्य हैं जिन्होंने चुनाव से पहले ही विजय की राजनीतिक सफलता का दावा किया था। तमिलनाडु की राजनीति में उनका नाम लंबे समय से चर्चाओं में रहा है। कहा जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता भी महत्वपूर्ण फैसलों से पहले उनसे सलाह लिया करती थीं।
सबसे पहले दी थी जीत की बधाई
सूत्रों के अनुसार, विजय की जीत के बाद राधान सबसे पहले उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचे थे। इतना ही नहीं, शपथ ग्रहण समारोह के समय में बदलाव के पीछे भी उनकी सलाह को अहम माना जा रहा है। पहले यह कार्यक्रम 10 मई को दोपहर 3:15 बजे रखा गया था लेकिन बाद में शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए इसे सुबह 10 बजे आयोजित किया गया।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा रही है कि राधान का प्रभाव सिर्फ विजय तक सीमित नहीं रहा। बताया जाता है कि जयललिता ने भी उनके सुझाव पर अपने नाम की स्पेलिंग में बदलाव किया था। तमिलनाडु की राजनीति में कई बड़े नेता समय-समय पर उनसे ज्योतिष सलाह लेते रहे हैं।
जीत के बाद विजय ने दिए बड़े फैसलों के संकेत
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 234 में से 108 सीटों पर जीत दर्ज की। हालांकि पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला लेकिन कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय ने कई बड़े फैसलों के संकेत दिए हैं। उन्होंने राज्य में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने जैसे वादों को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाने की बात कही है। उनके शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए थे।