Gwalior Road Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा NH-44 पर अरु तिराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के बिजली खंभे से जा टकराई। टक्कर के बाद खंभा कार पर गिर गया और करंट फैलने से कार में आग लग गई।
कार में भरे पटाखों से लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक कार में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे। आग लगते ही पटाखों में धमाके शुरू हो गए, जिससे कार कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। हादसे के दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दो युवकों की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, छतरपुर निवासी अवधेश झा, चंदेरी निवासी रामजीत सोनी और अविनाश झा ग्वालियर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से लौटते समय उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। आग लगने के बाद अवधेश झा और रामजीत सोनी कार के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। वहीं अविनाश झा किसी तरह कार से बाहर गिर गया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नशे में होने की भी आशंका
स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के समय कार सवार युवक नशे की हालत में हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार से शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Read More:
