Weather Update Today : दिल्ली-NCR में गर्मी अब तेजी से अपना असर दिखा रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने दो दिन बाद से हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम करीब 21 डिग्री रहेगा। फिलहाल आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन 22 अप्रैल से गर्मी और तीखी हो जाएगी। इस दिन तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है और लू चलने के आसार हैं। वहीं, 23 और 24 अप्रैल को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है इन दिनों अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री तक रह सकता है। साथ ही 24 अप्रैल को नमी बढ़कर करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा देगी।
पंजाब-हरियाणा का मौसम लेगा करवट
पंजाब और हरियाणा में मौसम करवट लेने की तैयारी में है। 21 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं। इस बदलाव के चलते तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
कैसा है महाराष्ट्र का मौसम ?
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। 21 और 22 अप्रैल के दौरान राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिम महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ में दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है। पुणे क्षेत्र, मराठवाड़ा के दक्षिणी हिस्से, छत्रपति संभाजीनगर और विदर्भ के अमरावती क्षेत्र में भी कई जगहों पर बारिश दर्ज होने के आसार हैं। हालांकि 22 अप्रैल के बाद मौसम की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।
मध्य प्रदेश में कैसा है गर्मी का असर ?
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 23 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। भोपाल और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल, हल्की बारिश और 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। यहां दिन का तापमान करीब 39 डिग्री और रात का तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है।
तमिलनाडू में हल्कि बारिश की संभावना
तमिलनाडु में भी अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि राज्य के आंतरिक जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है। हालांकि 21 अप्रैल तक कुछ इलाकों, खासकर पश्चिमी घाट और दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। 22 और 23 अप्रैल को भी पश्चिमी घाट, डेल्टा क्षेत्र और कराईकल में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
असम में कैसा रहेगा मौसम ?
असम में अगले 2 से 3 दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।