अगर आप किसी भी तरह की स्कॉलरशिप या फेलोशिप ले रहे हैं, तो अब थोड़ी सतर्कता जरूरी हो गई है। UGC ने भुगतान के नियम में बड़ा बदलाव किया है – अब पैसा केवल उसी बैंक खाते में आएगा जो आपके आधार से लिंक्ड हो। यानी बिना आधार लिंक किए स्कॉलरशिप या फेलोशिप का पैसा मिलना मुश्किल हो सकता है।
UGC ने तय किया है कि अब सभी स्कॉलरशिप और फेलोशिप का भुगतान Aadhaar-Based Payment (ABP) सिस्टम के जरिए किया जाएगा। इसका मतलब है कि पैसा सीधे आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजा जाएगा। यह कदम DBT (Direct Benefit Transfer) के तहत लागू किया गया है, ताकि छात्रों को पैसा तेज़ और सुरक्षित तरीके से मिल सके।
छात्रों को क्या करना होगा?
छात्रों को Scholarship and Fellowship Management Portal (SFMP) पर अपनी जानकारी अपडेट करनी होगी। सबसे महत्वपूर्ण काम है अपने आधार नंबर को बैंक खाते से लिंक करना और इसे पोर्टल पर दर्ज कराना। अगर आपने यह काम अभी तक नहीं किया है, तो जल्द करें, वरना आने वाली स्कॉलरशिप रुक सकती है।
डेडलाइन का रखें ध्यान
UGC ने इस काम की अंतिम तारीख 15 अप्रैल 2026 तय की है। इसके बाद नोडल ऑफिसर्स को 20 अप्रैल तक सभी छात्रों के आधार विवरणों को सत्यापित और अप्रूव करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अगले वित्तीय वर्ष 2026–27 में समय पर पेमेंट सुनिश्चित करना है। अगर तय समय तक आधार लिंक नहीं होगा, तो स्कॉलरशिप या फेलोशिप का पैसा अटक सकता है।
कुछ यूनिवर्सिटी जैसे पांडिचेरी यूनिवर्सिटी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी ने यह नियम पहले ही लागू कर दिया था। खासकर UGC-NET फेलोशिप लेने वाले छात्रों के लिए यह कदम पहले से अनिवार्य था। अब इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है।
कैसे करें अपडेट ?
SFMP पोर्टल पर स्टेप-बाय-स्टेप गाइड उपलब्ध है, जिसे देखकर आप आसानी से अपना आधार अपडेट कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर संबंधित ईमेल के माध्यम से मदद भी ली जा सकती है।