अमेरिका और ईरान के बीच घोषित सीजफायर के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की भूमिका चर्चा में आ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जहां बातचीत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की भूमिका का जिक्र किया, वहीं ब्रिटेन और मलेशिया ने भी इस कूटनीतिक पहल के लिए पाकिस्तान की सराहना की है।
ब्रिटेन ने पाकिस्तान को कहा धन्यवाद
पाकिस्तान में ब्रिटेन की हाई कमिश्नर जेन मैरियट ने सीजफायर को संभव बनाने में पाकिस्तान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “हम पाकिस्तान को धन्यवाद देते हैं। आपने शांत, प्रभावी और संतुलित कूटनीतिक भूमिका निभाई है, जो सराहनीय है।” मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी अमेरिका-ईरान सीजफायर का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों द्वारा स्वीकार की गई 10 सूत्रीय योजना वैश्विक शांति के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल न केवल मध्य-पूर्व बल्कि पूरी दुनिया में स्थिरता लाने में मदद करेगी।
पाकिस्तान की भूमिका की खुलकर तारीफ
अनवर इब्राहिम ने पाकिस्तान की भूमिका को “निष्पक्ष और साहसिक” बताया। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों से बिना पक्षपात बातचीत करने की पाकिस्तान की क्षमता अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी का उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि मलेशिया इस प्रक्रिया में हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।
व्यापक शांति समझौते पर जोर
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 सूत्रीय योजना को आगे बढ़ाकर एक व्यापक शांति समझौते में बदला जाना चाहिए, जिसमें ईरान के साथ-साथ इराक, लेबनान और यमन जैसे देशों की स्थिति भी शामिल हो।
उन्होंने गाजा में जारी हिंसा और मानवीय संकट को खत्म करने की भी अपील की।
ट्रंप ने दिया बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर की घोषणा करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान के बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाएगा। उन्होंने ईरान के 10 बिंदुओं वाले प्रस्ताव को “व्यावहारिक” बताया।
ट्रंप ने यह भी जानकारी दी कि दोनों देशों के बीच 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में बैठक प्रस्तावित है।
होर्मुज स्ट्रेट पर बनी बात
ट्रंप के अनुसार, सीजफायर इस शर्त पर हुआ है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलेगा और उसे सुरक्षित रखेगा। जहां ईरान इसे अपनी रणनीतिक जीत बता रहा है, वहीं व्हाइट हाउस का दावा है कि अमेरिकी दबाव के कारण ईरान इस कदम के लिए तैयार हुआ है।
Read More
24 घंटे में मिलेगा मुआवजा, किसानों की मदद के लिए CM योगी ने अफसरों अफसरों को दिए सख्त निर्देश

