उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) सोमवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का स्थल पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और मेले से जुड़े अधूरे विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित करना है, जिसके लिए सभी स्तरों पर गंभीरता से तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर साधु-संतों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से भी चर्चा की गई है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के मेले में शामिल हो सकें।
तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें
CM धामी ने कहा कि कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर देहरादून और हरिद्वार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। वे स्वयं भी नियमित रूप से हरिद्वार आकर तैयारियों की प्रगति पर नजर रख रहे हैं। इसके साथ ही जल्द शुरू होने वाली चार के लिए भी व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
चुनावों को लेकर भी जताया भरोसा
देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी चुनावों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विकास कार्यों के आधार पर डबल इंजन सरकारों को प्राथमिकता दे रही है। उनका मानना है कि आने वाले समय में भी लोगों का समर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहेगा।
इसके अलावा हरिद्वार और ऋषिकेश में प्रस्तावित धार्मिक और पर्यटन कॉरिडोर परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन योजनाओं को प्राथमिकता दे रही है और इनके विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुंभ मेले के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार समीक्षा कर रही है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों की सलाह भी ली जा रही है।