करनाल के सेक्टर-6 स्थित गुरु ब्रह्मानंद चौक के पास बुधवार को एक निजी स्कूल की बस(Karnal School Bus) में अचानक धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। उस समय बस में करीब 30 बच्चे सवार थे और उन्हें स्कूल से घर छोड़ा जा रहा था। धुआं देखते ही बस चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई।
बस(Karnal school bus) चालक ने बिना समय गंवाए बस में मौजूद अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया और कंडक्टर की मदद से आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी बस
मिली जानकारी के मुताबिक, RPS स्कूल की यह बस बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही थी। जब बस सेक्टर-6 के गुरु ब्रह्मानंद चौक के पास पहुंची, तभी अचानक बस का अगला टायर फट गया, जिसके बाद वाहन से धुआं निकलने लगा। बस में बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई, लेकिन चालक ने तुरंत स्थिति को समझते हुए बस को साइड में रोक दिया और सबसे पहले सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बस चालक सतीश कुमार ने बताया कि धुआं उठते ही उन्होंने तुरंत बस रोककर बच्चों को नीचे उतार दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद बस में आग लग गई। हालांकि बस में मौजूद अग्निशामक यंत्रों की मदद से उन्होंने और कंडक्टर ने मिलकर आग बुझा दी। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।