HomeBreaking Newsचमोली में 31 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती, 4.1 तीव्रता...

चमोली में 31 मिनट के भीतर दो बार कांपी धरती, 4.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत, अफगानिस्तान और तिब्बत में भी झटके

Uttarakhand Earthquake: उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। महज 31 मिनट के अंतराल में दो बार धरती हिली। पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट 11 सेकेंड पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

31 मिनट बाद फिर महसूस हुए झटके

पहले भूकंप के करीब 31 मिनट बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट 48 सेकेंड पर दूसरा झटका महसूस किया गया। इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई, जबकि भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर था। लगातार दो झटके आने से लोगों में चिंता बढ़ गई।

ज्योर्तिमठ में था पहले भूकंप का केंद्र

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर के मुताबिक, पहले भूकंप का केंद्र ज्योर्तिमठ था। राहत की बात यह है कि जिले में अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन के अनुसार, स्थिति सामान्य बनी हुई है।

पांच दिन पहले बागेश्वर में भी आया था भूकंप

उत्तराखंड में हाल के दिनों में भूकंप के झटके लगातार महसूस किए जा रहे हैं। इससे पहले 13 नवंबर को बागेश्वर जिले में भी धरती कांपी थी। रात करीब 12 बजकर 27 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई थी। इसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले में बताया गया था।

अफगानिस्तान में भी सुबह 10:55 बजे आया भूकंप

चमोली में भूकंप के झटकों के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी धरती हिली। यहां बुधवार सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से करीब 312 किलोमीटर दूर था।

तिब्बत में भी दो बार कांपी धरती

अफगानिस्तान के बाद तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इससे पहले सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर भी 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

मणिपुर में भी 4.2 तीव्रता का भूकंप

बुधवार सुबह भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी भूकंप आया। इंफाल में सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर धरती हिली। यहां भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने दी जानकारी

भूकंप की घटनाओं को लेकर नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने भी दो बार पोस्ट करके जानकारी साझा की। बुधवार सुबह अलग-अलग क्षेत्रों में आए भूकंप के झटकों ने एक बार फिर भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर ध्यान खींचा है।

Read More:

भारत आएंगे नेपाल PM बालेन शाह? PM मोदी दे सकते हैं 19 हजार करोड़ का बड़ा तोहफा!

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments