HomeBreaking NewsASEAN देशों के नागरिकों को भारत देगा मुफ्त E-Visa! PM मोदी ने...

ASEAN देशों के नागरिकों को भारत देगा मुफ्त E-Visa! PM मोदी ने मनीला समिट में रखे कई बड़े प्रस्ताव

भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई अहम पहल का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत ASEAN देशों से भारत आने वाले पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा देने, समुद्री सुरक्षा मजबूत करने और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है। इसके अलावा जरूरी खनिजों की खोज, अंतरिक्ष अनुसंधान और युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन के बाद विदेश मंत्रालय ने इन प्रस्तावों की जानकारी दी।

जरूरी खनिजों पर साथ काम करेंगे भारत-ASEAN

तकनीक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने भारत और ASEAN देशों के बीच स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने का प्रस्ताव दिया। इसके जरिए दोनों पक्षों के युवा अंतरिक्ष से जुड़ी चुनौतियों पर मिलकर काम कर सकेंगे। इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, खनन और आपूर्ति से जुड़े क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। ये खनिज इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक तकनीक के लिए बेहद जरूरी हैं। युवाओं को करीब लाने के लिए ASEAN-India Youth Connect पहल का भी सुझाव दिया गया है। इसके तहत युवा सम्मेलन, युवा सांसदों के बीच संवाद और स्टार्टअप हैकाथॉन आयोजित किए जा सकते हैं। इन कार्यक्रमों में युवा उद्यमी कम समय में नई तकनीक, बिजनेस आइडिया और समस्याओं के समाधान पर मिलकर काम करेंगे।

पर्यटकों को मिलेगा मुफ्त ई-वीजा

शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी भारत ने कई प्रस्ताव रखे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ASEAN देशों के विद्यार्थियों के लिए नालंदा यूनिवर्सिटी में स्कॉलरशिप बढ़ाने की बात कही। इससे दक्षिण-पूर्व एशिया के छात्रों को भारत में उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकेंगे। पर्यटन के क्षेत्र में ASEAN देशों से भारत आने वाले यात्रियों को मुफ्त ई-वीजा देने का प्रस्ताव खास है। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने 2027 में होने वाले वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) में ASEAN-भारत क्रिएटिव पार्टनरशिप पवेलियन बनाने का सुझाव भी दिया। इसका उद्देश्य फिल्म, मनोरंजन और रचनात्मक उद्योगों में सहयोग के नए रास्ते खोलना है।

भारत के लिए क्यों अहम है यह संगठन?

ASEAN यानी एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों का संगठन है। इसकी स्थापना 1967 में हुई थी। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करना है। इसमें 11 देश शामिल हैं- ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम। भारत और ASEAN के बीच बातचीत 1992 में शुरू हुई थी। 1995 में दोनों पूर्ण संवाद साझेदार बने और 2002 में संबंध शिखर सम्मेलन स्तर तक पहुंचे। 2012 में रणनीतिक साझेदारी और 2022 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला।

Read More

फिलीपींस में PM मोदी को एक खास किताब की गई गिफ्ट, जानिए किसकी जिंदगी पर लिखी गई है यह बुक!

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments