Wednesday, February 11, 2026
HomeCurrent Newsचंद्रबाबू नायडू ने तेदेपा सांसदों के साथ J. P. Nadda से की...

चंद्रबाबू नायडू ने तेदेपा सांसदों के साथ J. P. Nadda से की मुलाकात

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की और इस दौरान ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित आंध्र’ के लिए अपना दृष्टिकोण साझा किया।

नड्डा ने ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘‘आज नई दिल्ली में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तेदेपा सांसदों के साथ बैठक की। हमने ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित आंध्र’ के लिए अपना दृष्टिकोण साझा किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राजग की हमारी सरकार आंध्र प्रदेश को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

नड्डा के पोस्ट को पुन: पोस्ट करते हुए नायडू ने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा से मिलकर खुशी हुई। विकसित आंध्र प्रदेश और विकसित भारत के हमारे साझा दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए आगे सहयोग करने के लिए तत्पर हूं।’’

नायडू पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हैं और वह केंद्रीय मंत्रियों से लगातार मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की थी।

इस दौरान उन्होंने विभाजन के बाद राज्य की चुनौतियों से निपटने के उद्देश्य से सात सूत्री विकास एजेंडे के लिए समर्थन मांगा।

उन्होंने राज्य के विकास को गति देने के लिए केंद्रीय सहायता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा विशेष श्रेणी के दर्जे के बदले में सहायता बढ़ाने की वकालत की।

नायडू ने नड्डा से मुलाकात से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की और कर्ज में डूबे राज्य की वित्तीय मदद करने का आह्वान किया।

सूत्रों ने बताया कि नॉर्थ ब्लॉक में हुई बैठक में नायडू ने आंध्र प्रदेश में जारी विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डाला, जिनके लिए तत्काल केंद्रीय सहायता की जरूरत है।

नायडू राज्य के वित्तीय संकट के बारे में मुखर रहे हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी तथा कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुलाकात के दौरान राजकोषीय चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्रीय सहायता बढ़ाने की मांग की।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में नायडू नीत तेदेपा एक महत्वपूर्ण सहयोगी है। इसके 16 लोकसभा सांसद नरेन्द्र मोदी नीत सरकार का समर्थन कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments