राजधानी दिल्ली(Delhi) में सर्दी की शुरुआत के साथ ही प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है। हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई जरूरी कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने विभागों के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने यानी वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया गया है।
इसके तहत वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और एनसीआर की राज्य सरकारों को सरकारी, नगर निकाय और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सीमित करने का सुझाव दिया है। आयोग के निर्देशों के अनुसार, कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को बुलाने और बाकी कर्मचारियों से घर से काम कराने की व्यवस्था पर निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि, जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को इस व्यवस्था से अलग रखा गया है।
इन विभागों के कर्मचारियों को मिले WFH के निर्देश
एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, विभागों के प्रमुख अपने स्तर पर कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दे सकते हैं। इसी के तहत पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने विभागों में 50 फीसदी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
वहीं, परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने भी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सूचना प्रौद्योगिकी सहित अपने विभागों के कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश दिए हैं।
AQI 400 के पार, हवा की गुणवत्ता गंभीर
दिल्ली में GRAP-3 तब लागू किया जाता है, जब वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 401 से 450 के बीच पहुंच जाता है। इस स्तर को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। शुक्रवार को राजधानी के अधिकतर निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया।
लगातार बिगड़ती हवा को देखते हुए सरकार का यह कदम कर्मचारियों को प्रदूषण के संपर्क में आने से बचाने और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
[…] […]