November December 2026 Vivah Muhurat: देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाएगा और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। नवंबर में शादी के लिए 4 और दिसंबर में 7 शुभ मुहूर्त मिलेंगे। इसके बाद खरमास शुरू होने से विवाह सहित अन्य शुभ कार्यों पर विराम लग जाएगा।
देवउठनी एकादशी के बाद शुरू होंगे विवाह
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश, सगाई सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस साल देवउठनी एकादशी 20 और 21 नवंबर को मनाई जाएगी। हालांकि, विवाह के लिए पहला शुभ मुहूर्त 21 नवंबर को प्राप्त हो रहा है।
नवंबर और दिसंबर में मिलेंगे 11 शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में नवंबर और दिसंबर के दौरान विवाह के लिए कुल 11 शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीख को शादी के लिए शुभ समय रहेगा। वहीं, दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह किए जा सकेंगे। दिसंबर में 12 तारीख को साल का अंतिम विवाह मुहूर्त प्राप्त होगा।
नवंबर विवाह मुहूर्त 2026
21 नवंबर, शनिवार
नवंबर में विवाह का पहला शुभ मुहूर्त 21 नवंबर को है। इस दिन सुबह 06:48 बजे से अगले दिन यानी 22 नवंबर की रात 12:08 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय रहेगा। इस दौरान रेवती नक्षत्र रहेगा। तिथि की बात करें तो कार्तिक शुक्ल द्वादशी और तुलसी विवाह का संयोग है।
24 नवंबर, मंगलवार
इस दिन रात 11:25 बजे से 25 नवंबर की सुबह 06:52 बजे तक विवाह का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान रोहिणी नक्षत्र रहेगा। वहीं, तिथि मार्गशीर्ष कृष्ण प्रतिपदा होगी।
25 नवंबर, बुधवार
इस दिन सुबह 06:52 बजे से अगले दिन 26 नवंबर की सुबह 06:52 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय है। इस दौरान रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्र रहेंगे। तिथि मार्गशीर्ष कृष्ण प्रतिपदा और द्वितीया होगी।
26 नवंबर, बृहस्पतिवार
नवंबर का आखिरी विवाह मुहूर्त 26 नवंबर को है। इस दिन सुबह 06:52 बजे से शाम 05:47 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय रहेगा। इस दौरान मृगशिरा नक्षत्र और मार्गशीर्ष कृष्ण द्वितीया तथा तृतीया तिथि का संयोग रहेगा।
दिसंबर विवाह मुहूर्त 2026
2 दिसंबर, बुधवार
इस दिन सुबह 10:32 बजे से 3 दिसंबर की सुबह 06:58 बजे तक विवाह का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा। तिथि मार्गशीर्ष कृष्ण नवमी और दशमी होगी।
3 दिसंबर, बृहस्पतिवार
इस दिन विवाह के लिए दो शुभ समय बताए गए हैं। पहला मुहूर्त सुबह 06:58 बजे से 10:53 बजे तक रहेगा। इस दौरान उत्तराफाल्गुनी और हस्त नक्षत्र रहेंगे तथा मार्गशीर्ष कृष्ण दशमी तिथि होगी। दूसरा मुहूर्त रात 11:03 बजे से 4 दिसंबर की सुबह 06:59 बजे तक रहेगा। इस दौरान हस्त नक्षत्र और मार्गशीर्ष कृष्ण एकादशी तिथि होगी।
4 दिसंबर, शुक्रवार
इस दिन सुबह 06:59 बजे से 10:22 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय रहेगा। इस दौरान हस्त नक्षत्र और मार्गशीर्ष कृष्ण एकादशी तिथि रहेगी।
5 दिसंबर, शनिवार
इस दिन सुबह 11:48 बजे से 6 दिसंबर की सुबह 07:00 बजे तक विवाह का शुभ मुहूर्त है। इस दौरान स्वाति नक्षत्र रहेगा। तिथि मार्गशीर्ष कृष्ण द्वादशी और त्रयोदशी होगी।
6 दिसंबर, रविवार
इस दिन सुबह 07:00 बजे से 07:42 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय प्राप्त होगा। इस दौरान स्वाति नक्षत्र और मार्गशीर्ष कृष्ण त्रयोदशी तिथि रहेगी।
11 दिसंबर, शुक्रवार
इस दिन देर रात 03:04 बजे से सुबह 07:04 बजे तक विवाह का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान उत्तराषाढ़ा नक्षत्र और मार्गशीर्ष शुक्ल तृतीया तिथि होगी।
12 दिसंबर, शनिवार
दिसंबर का आखिरी विवाह मुहूर्त 12 दिसंबर को है। इस दिन सुबह 07:04 बजे से 13 दिसंबर की देर रात 03:27 बजे तक विवाह के लिए शुभ समय रहेगा। इस दौरान उत्तराषाढ़ा नक्षत्र और मार्गशीर्ष शुक्ल तृतीया तथा चतुर्थी तिथि का संयोग रहेगा।
खरमास में नहीं होंगे मांगलिक कार्य
दिसंबर में विवाह के अंतिम मुहूर्त के बाद मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। दरअसल, सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करने के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। यह अवधि मकर संक्रांति तक रहती है। ऐसे में शादी की तैयारी कर रहे लोगों के लिए नवंबर और दिसंबर के ये 11 दिन खास रहने वाले हैं।
Read More:
छठी मइया का आशीर्वाद सबको मिले…PM मोदी ने देशवासियों को दी छठ की शुभकामनाएं

