HomeBreaking Newsटीबी से जंग में भारत की बड़ी कामयाबी, WHO रिपोर्ट ने दुनिया...

टीबी से जंग में भारत की बड़ी कामयाबी, WHO रिपोर्ट ने दुनिया को चौंकाया

भारत ने टीबी (ट्यूबरकुलोसिस) के खिलाफ लड़ाई में अहम उपलब्धि हासिल की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO report) की 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में साल 2015 के मुकाबले 2025 में टीबी से होने वाली मौतों में 38 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, इसी दौरान दुनियाभर में टीबी से मौतों का आंकड़ा 35 फीसदी कम हुआ। इससे पता चलता है कि भारत में इस बीमारी की रोकथाम और इलाज के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, साल 2015 में भारत में हर एक लाख लोगों पर टीबी से मौतों की अनुमानित संख्या 28 थी। 2025 में यह घटकर 18 रह गई। यानी पिछले एक दशक में इस दर में 38 फीसदी की कमी आई है। WHO ने इन आंकड़ों का आकलन करने के लिए रजिस्ट्रार जनरल के सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम, सामुदायिक सर्वे और निक्षय पोर्टल से मिले डेटा का इस्तेमाल किया है।

25 करोड़ से ज्यादा लोगों की हुई स्क्रीनिंग

टीबी के मरीजों की समय रहते पहचान करने के लिए देशभर में बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान 11 करोड़ से ज्यादा चेस्ट एक्स-रे हुए और जांच के जरिए टीबी के 48.64 लाख नए मरीजों का पता चला। इनमें 14.97 लाख ऐसे लोग थे जिनमें बीमारी के स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई दे रहे थे।

AI और पोषण सहायता से मजबूत हुई लड़ाई

टीबी की पहचान को आसान और तेज बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक्स-रे तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे अधिक जोखिम वाले इलाकों और संभावित मरीजों की पहचान में मदद मिलती है। मरीजों को इलाज के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल भी चलाई जा रही हैं। साल 2025 में देश की 67,933 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया।

भारत में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के कुल खर्च का करीब 96 फीसदी हिस्सा देश के घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा दवा से ठीक होने वाले टीबी मरीजों में इलाज की सफलता दर 94 फीसदी रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, आने वाले समय में भी मरीजों की जल्द पहचान, बेहतर इलाज, पोषण सहायता और जनभागीदारी के जरिए टीबी के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें : PM मोदी आज कर्नाटक को देंगे 15,600 करोड़ की सौगात, बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन समेत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments