HomeBreaking Newsअरुणाचल में आग का तांडव, महिला और 3 बच्चों की दर्दनाक मौत,...

अरुणाचल में आग का तांडव, महिला और 3 बच्चों की दर्दनाक मौत, 24 घर जलकर खाक…

अरुणाचल(Arunachal) प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में गुरुवार तड़के आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। पारसी-पारलो कस्बे में लगी आग ने देखते ही देखते कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। वहीं, महिला का पति अभी तक लापता है। ऐसे में प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, आग से कुल 24 घर प्रभावित हुए हैं। जिले के उपायुक्त चीचुंग चुखू के मुताबिक, आग गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे लगी थी।

शुरुआती जानकारी में आग रसोई से शुरू होने की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी असली वजह अभी सामने नहीं आई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि 19 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पांच अन्य घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला मुख्यालय कोलोरियांग से अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की।

दमकल केंद्र नहीं होने से बढ़ी मुश्किल

इस हादसे के बाद पारसी-पारलो में अग्निशमन सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कस्बे में अपना कोई दमकल केंद्र नहीं है। नजदीकी कोलोरियांग में दमकल वाहन मौजूद होने के बावजूद वह कथित तौर पर समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया। इससे आग बुझाने में परेशानी हुई और नुकसान बढ़ गया।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख पीड़ितों की मदद की मांग

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की अपील की। उन्होंने राहत कार्य में जुटे अधिकारियों, पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की।

वहीं, ऑल न्यिशी यूथ एसोसिएशन (ANYA) के अध्यक्ष जमरू रुजा ने पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को सरकार की ओर से हर जरूरी मदद मिलनी चाहिए। फिलहाल प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हर तरफ छठ महापर्व की धूम, दिल्ली में 11 KM लंबा घाट तैयार, अहमदाबाद में जुटेंगे…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments