HomeBreaking Newsजलगांव में SBI बैंक में दिनदहाड़े 30 करोड़ की डकैती, 27 किलो...

जलगांव में SBI बैंक में दिनदहाड़े 30 करोड़ की डकैती, 27 किलो सोना लूटा, बर्खास्त PSI निकला मास्टरमाइंड, 4 गिरफ्तार

Jalgaon SBI Bank Robbery: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की भोकर शाखा में शनिवार (31 अक्टूबर) को दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात सामने आई। दोपहर करीब 3 बजे दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे 4 हथियारबंद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने 16 लॉकर तोड़कर करीब 27 किलो सोना, जिसकी कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है, और 15 लाख रुपये कैश लूट लिए।

मैनेजर और कैशियर को कुर्सी से बांधा

वारदात के दौरान बदमाशों ने बैंक मैनेजर और कैशियर को अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई और उन्हें कुर्सी से बांध दिया गया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने बैंक के अंदर 2 राउंड फायरिंग भी की। हालांकि, गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी।

16 लॉकर तोड़कर 6 बैग में भरा माल

बैंक के लॉकर रूम में पहुंचने के बाद आरोपियों ने कटर की मदद से 16 लॉकर तोड़ दिए। इसके बाद करीब 27 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद 6 बैगों में भरे और मौके से फरार हो गए। घटना धरणगांव तालुका के भोकर गांव स्थित एसबीआई शाखा में हुई।

कुछ घंटों में पकड़े गए आरोपी

डकैती की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। विदगांव के पास ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से लूट का सामान बरामद हुआ। इसके बाद धरणगांव पुलिस ने नाकाबंदी कर बाकी 3 आरोपियों को भी अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार कर लिया।

लूटा गया सोना-कैश और 5 बैग बरामद

पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना और नकदी बरामद कर ली है। इसके अलावा डकैती में इस्तेमाल किए गए 5 बैग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

बर्खास्त PSI शंकर जासक निकला मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में इस सनसनीखेज डकैती के पीछे महाराष्ट्र पुलिस के बर्खास्त सब-इंस्पेक्टर शंकर रमेश जासक का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, जासक ने जेल में रहने के दौरान आपराधिक गिरोह के संपर्क में आने के बाद इस पूरी वारदात की साजिश रची थी।

चारों आरोपियों की पहचान सामने आई

गिरफ्तार आरोपियों में शंकर रमेश जासक (मास्टरमाइंड, बर्खास्त PSI), निवासी खेड़ी, जलगांव; अंकुश श्रावण चव्हाण, निवासी रामदेववाड़ी, जलगांव; गजानन राजेंद्र पवार, निवासी न्यायडोंगरी, नासिक और अंकुश तुलशीराम चव्हाण, निवासी खापरखेड़ा शामिल हैं।

एसपी ने की घटना की पुष्टि

जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भोकर गांव स्थित एसबीआई बैंक में 4 लोगों ने बंदूक दिखाकर 27 किलो सोना और नकदी लूटी थी। जलगांव पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और उनसे 5 बैग बरामद किए। मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।

मंत्री गुलाबराव पाटील ने भी लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र के मंत्री गुलाबराव पाटील भी एसबीआई बैंक पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बैंक और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

Read More:

गृह मंत्री अमित शाह चंडीगढ़ पहुंचे, पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर हुए शामिल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments