HomeBreaking Newsपंजाब में पकड़ा गया FBI का मोस्ट वांटेड ठग मनजीत सिंह बेदी...

पंजाब में पकड़ा गया FBI का मोस्ट वांटेड ठग मनजीत सिंह बेदी अमेरिका डिपोर्ट, 6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप!

पंजाब में सितंबर में गिरफ्तार किए गए 64 वर्षीय मनजीत सिंह बेदी(Manjit Singh Bedi) को अमेरिका वापस ले जाया गया है। बेदी का नाम अमेरिकी जांच एजेंसी FBI की मोस्ट वांटेड ठगों की सूची में शामिल था। FBI निदेशक काश पटेल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, बेदी इस सप्ताह सिएटल पहुंचा और शुक्रवार को अमेरिकी अदालत में उसकी पहली पेशी तय की गई है।

काश पटेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बेदी को भारत में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने इसे विदेशों में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की एक अहम सफलता बताया।

6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, वाशिंगटन केंट का रहने वाला बेदी पहले टकोमा में एशियाई किराने की दुकान चलाता था। उस पर वर्ष 2024 से 2025 के बीच अमेरिकी सरकार की खाद्य सहायता योजना से कम से कम 6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोप है कि उसने सरकारी सहायता पाने वाले लोगों के इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर (EBT) कार्ड का इस्तेमाल किया।

इन कार्डों के जरिए खाद्य पदार्थ खरीदे जाते थे। इसके बाद लाभार्थियों को रकम का आधा हिस्सा नकद वापस देकर बाकी राशि अपने पास रखने का आरोप है। अप्रैल में उसके खिलाफ वायर धोखाधड़ी के छह मामलों में अभियोग दायर किया गया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद वह कनाडा और फिर भारत पहुंचा। हालांकि, बेदी ने आरोपों को स्वीकार नहीं किया है।

मुकदमे तक हिरासत में रखने की मांग

अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने कहा है कि अभियोजन पक्ष बेदी को मुकदमे की सुनवाई तक हिरासत में रखने की मांग करेगा। इसके पीछे उसके दोबारा फरार होने की आशंका बताई गई है। अमेरिकी कृषि विभाग के महानिरीक्षक जॉन वॉक ने भी इस मामले पर चिंता जताई है।

FBI के भगोड़ों के खिलाफ अभियान में कार्रवाई

FBI के अनुसार, बेदी मोस्ट वांटेड ठगों की सूची से गिरफ्तार होने वाला पांचवां व्यक्ति था। काश पटेल ने बताया कि सूची बनाए जाने के बाद से छह भगोड़ों को पकड़ा जा चुका है। एजेंसी के मुताबिक, सूची में शामिल लोगों पर कुल दो अरब डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप हैं।

पटेल ने यह भी बताया कि पिछले 20 महीनों में FBI ने 260 प्रत्यर्पण और देश से निष्कासन की प्रक्रियाएं पूरी की हैं। उन्होंने इस कार्रवाई में विदेशी जांच एजेंसियों के सहयोग को अहम बताया। बेदी के मामले में अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई के बाद होगा।

यह भी पढ़ें : वोट चोरी का ‘हाइड्रोजन बम’ दीवाली का पटाखा भी नहीं निकला, रक्षा मंत्री राजनाथ…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments