HomeBreaking Newsसऊदी अरब के लिए इस एयरलाइन की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द,...

सऊदी अरब के लिए इस एयरलाइन की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द, यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड

सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयरलाइन हालात पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा की स्थिति अनुकूल होने पर परिचालन बहाल करने का आकलन करेगी।

सऊदी अरब में हाल के हमलों के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी, जबकि 11 अन्य भारतीय घायल हुए थे। मौजूदा हालात में सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को अपनी यात्रा की जानकारी एयरलाइन से दोबारा जांचने की सलाह दी गई है।

यात्रियों को रिफंड का विकल्प

एअर इंडिया ने कहा है कि सऊदी अरब की बदलती स्थिति को देखते हुए 20 अक्टूबर तक उड़ानें संचालित नहीं की जाएंगी। एयरलाइन ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। परिचालन दोबारा शुरू करने का फैसला सुरक्षा हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। उड़ानें रद्द होने से रियाद, दम्माम और जेद्दा के लिए टिकट बुक करा चुके यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे यात्रियों को एयरलाइन से संपर्क कर रिफंड और यात्रा के दूसरे विकल्पों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की मौजूदा स्थिति की पुष्टि भी करनी चाहिए।

भारतीय दूतावास ने घायलों और मृतक के परिवार की मदद

सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत इस कठिन समय में सऊदी अरब की जनता और नेतृत्व के साथ खड़ा है। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राजदूत के अनुसार, मृतक भारतीय के परिवार से अधिकारी संपर्क में हैं। हमले में घायल 11 अन्य भारतीयों की सहायता के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिजनों से भी बातचीत की जा रही है। उन्होंने बताया कि रियाद एयरपोर्ट बंद होने के कारण एअर इंडिया और इंडिगो ने उड़ानें रद्द की थीं। सऊदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील की उड़ानों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई थी। यात्री पड़ोसी खाड़ी देशों के रास्ते यात्रा करने के विकल्प भी देख सकते हैं, लेकिन टिकट बुक करने से पहले उड़ानों की स्थिति की पुष्टि जरूरी है।

भारतीयों के लिए दूतावास की एडवाइजरी

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे नागरिकों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। संभावित हवाई हमलों के दौरान खुले में रहने के बजाय घर या किसी सुरक्षित इमारत में रहने की सलाह दी गई है। दूतावास ने यह भी कहा है कि हमलों से जुड़ी तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, क्योंकि ऐसा करना सऊदी कानूनों का उल्लंघन हो सकता है। दूतावास, वाणिज्य दूतावास और आउटसोर्स सेवा प्रदाताओं के माध्यम से सेवाएं जारी हैं। पासपोर्ट सहित जरूरी कांसुलर सेवाओं के लिए भारतीय नागरिक संबंधित कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। उमरा यात्रियों की सहायता के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन भी जारी की गई है। यात्रियों को ताजा जानकारी के लिए एयरलाइंस और भारतीय दूतावास की आधिकारिक एडवाइजरी देखते रहने की सलाह दी गई है।

Read More

GLOF: तबाही से पहले मिलेगा अलर्ट! हिमाचल की घेपन झील पर लगा देश का पहला अर्ली वार्निंग सिस्टम

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments