नोएडा के सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र की इस सोसायटी में अज्ञात चोरों ने दो बंद फ्लैटों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष ने लगभग दो करोड़ रुपये के सामान की चोरी की बात कही है। वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा। घटना के समय एक परिवार पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गया था, जबकि दूसरे फ्लैट के मालिक अमेरिका में थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दीवार फांदकर सोसायटी में घुसे चोर
पीड़ितों के मुताबिक, चोर मुख्य गेट से प्रवेश करने के बजाय सोसायटी की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने हैंड कटर की मदद से फ्लैटों के दरवाजों के लॉक काटे और भीतर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात में फ्लैट नंबर बी-502 समेत दो फ्लैटों को निशाना बनाया गया। एक पीड़ित नितिन जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके ऊपर वाले फ्लैट में रहने वाली धनलक्ष्मी के घर में भी चोरी हुई। घटना के दौरान उनका परिवार अमेरिका में था।
बिस्किट और दो किलो चांदी गायब
शिकायत में चोरी हुए सामान में सोने का बड़ा हार, चूड़ियां, कंगन, सोने के बिस्किट, गिन्नी, करीब दो किलो चांदी और लगभग एक लाख रुपये नकद शामिल बताए गए हैं। चोर दोनों फ्लैटों से कीमती सामान समेटकर निकल गए। चोरी की रकम को लेकर अलग-अलग अनुमान सामने आए हैं। जहां शुरुआती आकलन में नुकसान करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताया गया है, वहीं पीड़ित पक्ष ने लगभग दो करोड़ रुपये के सामान की चोरी होने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि सामान की वास्तविक कीमत और चोरी की पूरी सूची का सत्यापन जांच के दौरान किया जाएगा।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
पीड़ितों ने बताया कि वारदात से पहले रात में संदिग्ध लोग कार से सोसायटी के आसपास चक्कर लगाते दिखाई दिए थे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया। घटना से जुड़े कुछ दृश्य सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब फुटेज की जांच कर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद चोरी गए सामान की कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
Read More


[…] नोएडा की पॉश सोसायटी के दो फ्लैटों में… […]
[…] नोएडा की पॉश सोसायटी के दो फ्लैटों में… […]