प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ फोन पर विस्तृत बातचीत की। इस दौरान दोनों शीर्ष नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा घटनाक्रमों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सहयोग और समन्वय की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
Grateful to my brother, the President of UAE, HH Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan, for his call and birthday wishes.
We discussed measures to further deepen our bilateral Comprehensive Strategic Partnership and exchanged views on efforts to promote regional peace, security…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 18, 2026
विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस फोन वार्ता के दौरान भारत और यूएई की ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को नए आयाम देने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, रक्षा, तकनीक, निवेश और स्वास्थ्य सेवा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग का दायरा बढ़ाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की।
यूएई राष्ट्रपति ने दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं
यह बातचीत प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन के ठीक एक दिन बाद हुई। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे अपने “भाई” और यूएई के राष्ट्रपति द्वारा फोन करने और जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए उनके आभारी हैं। पीएम मोदी ने बताया कि इस दौरान क्षेत्रीय शांति और द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के उपायों पर सार्थक बातचीत हुई।
ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता के लिए यूएई ने दी बधाई
फोन वार्ता के दौरान यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स (BRICS) अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई भी दी। वहीं, पीएम मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने भारत की अध्यक्षता के तहत सार्थक परिणाम हासिल करने में यूएई के निरंतर सहयोग और साझेदारी के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
READ MORE: एशियन गेम्स के लिए भारत के ध्वजवाहक तय! मनु भाकर और तजिंदरपाल तूर को मिली कमान

