HomeBreaking NewsBRICS डेलीगेट कैब में भूले ₹3 लाख कैश, टेकऑफ से 30 मिनट...

BRICS डेलीगेट कैब में भूले ₹3 लाख कैश, टेकऑफ से 30 मिनट पहले पुलिस ने फ्लाइट तक पहुंचाया बैग

राजधानी में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के समापन के बाद दिल्ली पुलिस का एक बेहद सराहनीय कार्य सामने आया है। सम्मेलन में हिस्सा लेने आए दक्षिण अफ्रीका के एक वरिष्ठ प्रतिनिधि अपनी स्वदेश वापसी के दौरान गलती से कैब में 3 लाख रुपये से भरा बैग छोड़ गए। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल कैब ड्राइवर का पता लगाया, बल्कि प्रतिनिधि की फ्लाइट टेक-ऑफ होने से महज 30 मिनट पहले पूरा कैश उनके हवाले कर दिया।

आनन-फानन में पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

मामले से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सम्मेलन खत्म होने के बाद जब दक्षिण अफ्रीकी प्रतिनिधि को अपनी कैब में रुपये छूटने का अहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल दिल्ली पुलिस से मदद मांगी। बैग में भारतीय और अमेरिकी मुद्रा में करीब 3 लाख रुपये मौजूद थे। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ तुरंत समन्वय स्थापित किया और सीसीटीवी व अन्य साधनों की मदद से कैब की लोकेशन ट्रेस कर ली। गाड़ी से कैश सुरक्षित मिलते ही पुलिस टीम सीधे एयरपोर्ट पहुंची और प्रतिनिधि के उड़ान भरने से आधे घंटे पहले उन्हें बैग सौंप दिया।

ब्रिक्स सम्मेलन के बाद विदेशी मेहमानों का भारत भ्रमण

दूसरी ओर, 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए दुनिया भर के पत्रकार और प्रतिनिधि भारत के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा कर रहे हैं। सम्मेलन को कवर करने आए तुर्की के इस्तांबुल से पत्रकार दंपति यूनुस और फुल्या सोनर ने वापस लौटने से पहले मिले एक दिन के समय में आगरा के ऐतिहासिक ताजमहल का दीदार किया। इसी तरह मलेशिया की 27 वर्षीया पत्रकार यास्मिन नताशा ने भी अपनी टीम के साथ आगरा भ्रमण के बाद मुंबई रवाना होने की योजना बनाई है।

मुंबई की वित्तीय और तकनीकी रफ्तार देखने को उत्सुक विदेशी मीडिया

ब्रिक्स सम्मेलन की रिपोर्टिंग के लिए रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, कजाकिस्तान, इंडोनेशिया, सऊदी अरब, मिस्र, मलेशिया और तुर्की जैसे देशों से बड़ी संख्या में आए मीडियाकर्मी भारत की संस्कृति और विकास दोनों को करीब से देख रहे हैं। आगरा का ताजमहल देखने के बाद कई विदेशी पत्रकारों का दल मुंबई के लिए रवाना हो रहा है। वहां वे शहर की गतिशील जीवनशैली, मुंबई मेट्रो, ऐतिहासिक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और डिजिटल क्रांति के प्रतीक भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) की कार्यप्रणाली को कवर करेंगे।

 

READ MORE: ओलंपिक पदक विजेताओं को धूल चटाकर धीरज बोम्मादेवरा ने वर्ल्ड कप फाइनल में जीता गोल्ड

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments