BRICS शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियों के तहत दिल्ली में मंगलवार शाम मोटरकेड रिहर्सल की जाएगी। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई हिस्सों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। 8 सितंबर को शाम 7:45 बजे से रात 10 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। इस दौरान 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट किया जाएगा, जबकि 22 स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजा जाएगा।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
मोटरकेड रिहर्सल के दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग और राजेश पायलट मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर भी ट्रैफिक नियंत्रण रहेगा। कनॉट प्लेस से जुड़े जनपथ के अलावा अशोक रोड, बाराखंभा रोड और टॉल्स्टॉय मार्ग को भी एडवाइजरी में प्रभावित मार्गों में शामिल किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिहर्सल के समय इन रास्तों पर अनावश्यक यात्रा से बचें और निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग की योजना बनाएं।
22 जगहों से वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा
ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं। डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग के आउटर सर्कल, जनपथ कनॉट प्लेस, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर समेत कई स्थानों पर वाहनों की दिशा बदली जाएगी।
डायवर्जन के दौरान कुछ ट्रैफिक को बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग और दिल्ली गेट की तरफ भेजा जाएगा। धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड और मथुरा रोड कॉरिडोर के आसपास भी आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी। मुख्य BRICS सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वालों के लिए सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और डीबीजी रोड जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले लोग एम्स, रिंग रोड और आश्रम चौक की तरफ से यात्रा कर सकते हैं।
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने खास तौर पर मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। वहीं गुरुग्राम, द्वारका और दिल्ली के दक्षिण, पश्चिम, उत्तर व पूर्वी हिस्सों से आने-जाने वालों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक सड़क मार्ग सुझाए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य रिहर्सल के दौरान वीआईपी मूवमेंट के बीच सामान्य यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है।
Read More
बिहार : मदरसे में समोसा-मिठाई खाना छात्राओं को पड़ा भारी, 1 छात्रा की हुई मौत


[…] […]