Women’s Asia Cup 2026: विमेंस एशिया कप 2026 में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन जारी है। पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। दुबई में खेले गए इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर समेटने के बाद महज 52 गेंदों यानी 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप स्टेज का अंत जीत की हैट्रिक के साथ किया।
पाकिस्तान के खिलाफ लगातार पांचवीं जीत
भारतीय टीम इस मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में लगातार पांचवीं जीत दर्ज करने के इरादे से उतरी थी। वहीं, फातिमा सना की कप्तानी वाली पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ जीत के सूखे को खत्म करना चाहती थी। पाकिस्तान ने अक्टूबर 2022 के बाद भारत के खिलाफ खेले गए चारों मैच गंवाए थे, लेकिन इस बार भी उसे निराशा हाथ लगी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया।
27 रन के बाद सिर्फ 28 रन जोड़ सकी पाकिस्तान
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो जल्द ही गलत साबित हो गया। पाकिस्तानी ओपनर्स ने टीम को 27 रन की शुरुआत जरूर दिलाई, लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। भारतीय गेंदबाजों ने अगले 9 विकेट सिर्फ 28 रन के अंदर हासिल कर लिए और पूरी पाकिस्तानी टीम 55 रन पर सिमट गई। यह पाकिस्तान का टी20 क्रिकेट में अब तक का सबसे छोटा स्कोर है।
स्पिनर्स के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज बेबस
भारत की स्पिन गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह बेअसर नजर आए। श्री चरणी ने 3/7, दीप्ति शर्मा ने 2/5, प्रेमा रावत ने 3/9 और शेफाली वर्मा ने 1/10 के आंकड़े के साथ पाकिस्तान की पारी समेट दी। भारतीय स्पिन अटैक ने पाकिस्तान को बड़ा स्कोर बनाने का कोई मौका नहीं दिया।
शेफाली ने पहली गेंद पर जड़ा छक्का
55 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने भी शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर साफ कर दिया कि भारतीय टीम मुकाबला जल्द खत्म करना चाहती है। हालांकि, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने गेंद से वापसी करते हुए भारत को शुरुआती झटके दिए।
फातिमा सना ने भारत को दिए तीन झटके
फातिमा सना ने 2 ओवर के अंदर ही शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के विकेट हासिल कर लिए। लगातार तीन विकेट गिरने से भारतीय टीम थोड़ी परेशानी में जरूर आई, लेकिन लक्ष्य इतना छोटा था कि पाकिस्तान के लिए मैच में वापसी करना मुश्किल था।
हरमनप्रीत और दीप्ति ने दिलाई आसान जीत
इसके बाद अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 रन और दीप्ति शर्मा ने 12 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। दोनों ने मिलकर भारत को सिर्फ 8.4 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत ने 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार पांचवीं टी20 जीत दर्ज कर ली।
Read More:
CM मान ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ का किया उद्घाटन, गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला ने जीता दिल

