मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के पैतृक घर जाकर उनकी दिवंगत मां जमुरता देवी को श्रद्धांजलि दी। CM योगी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में सरकार और भाजपा संगठन उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने परिवार को इस कठिन समय का सामना करने की शक्ति मिलने की कामना भी की।
परिवार के साथ खिंचवाई तस्वीर
परिवार से मुलाकात के दौरान CM योगी ने विनोद राय और अन्य सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने परिवार के छोटे बच्चों से भी मुलाकात की और उन्हें दुलारकर माहौल को सहज बनाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
जमुरता देवी का निधन 2 सितंबर को हुआ था। उनके निधन की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री शनिवार को उनके पैतृक आवास पहुंचे। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दिवंगत को श्रद्धांजलि दी।
बाढ़ की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी
श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री ने जिले में बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक राहत किट जल्द पहुंचाई जाए और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा पदाधिकारी, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मंडलायुक्त विवेक, एडीजी वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे एक दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मंत्री भूपेंद्र चौधरी भी विनोद राय के घर पहुंचकर जमुरता देवी को श्रद्धांजलि दे चुके हैं।