HomeBreaking Newsशिक्षक दिवस पर CM सैनी का बड़ा संदेश, बोले- शिक्षा के क्षेत्र...

शिक्षक दिवस पर CM सैनी का बड़ा संदेश, बोले- शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा को बनाएं देश का अग्रणी राज्य

CM Saini Major Message on Teachers Day: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को पंचकूला में राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में शानदार काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की है। उन्होंने शिक्षकों से हरियाणा को शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने में सहयोग मांगा।

शिक्षक दिवस को बताया गौरव का अवसर

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह में शामिल होना उनके लिए गौरव और सम्मान का क्षण है। उन्होंने शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षा के प्रति शिक्षकों के समर्पण और योगदान के लिए कृतज्ञता जताने का अवसर है।

व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक की अहम भूमिका

CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती है और उनके जन्मदिन को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। शिक्षक सिर्फ सिलेबस पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

तकनीक के दौर में बढ़ी शिक्षक की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि तकनीक के बढ़ते दौर में शिक्षकों की भूमिका कम होने के बजाय और अहम हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई शिक्षा नीति ने शिक्षा में समझ, कौशल, नवाचार और भारतीय मूल्यों को शामिल करने का रास्ता तैयार किया है। अब शिक्षा का लक्ष्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि योग्य, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान नागरिक तैयार करना है।

शिक्षा बजट बढ़ाकर 18,538 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है। चालू वित्त वर्ष में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 18,538 करोड़ रुपये किया गया है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए मॉडल संस्कृत विद्यालयों की संख्या 218 की गई है, जबकि प्रदेश में 251 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं। इसके अलावा 250 विद्यालयों को सीएम-ईईई स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

3,328 स्कूलों में विकसित होंगे खेल मैदान

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के 3,328 विद्यालयों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। वहीं गणित के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए हरियाणा गणित ओलंपियाड शुरू किया गया है।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से कौशल बिजनेस चैलेंज शुरू किया गया है। इसके अलावा एक विद्यालय को स्कूल आफ एक्सीलेंस इन स्किल एजुकेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रमों को भी मजबूत किया गया है।

23 देशों तक पहुंचा निपुण कार्यक्रम

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का निपुण कार्यक्रम देशभर में पहचान बना रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ 23 देशों के प्रतिनिधि हरियाणा आकर इस कार्यक्रम को देख और समझ रहे हैं।

शिक्षक ट्रांसफर नीति में पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों और उनके परिवारों को संकट की घड़ी में सुरक्षा देने के लिए वीर बाल मेमोरियल इनिशिएटिव योजना का प्रावधान किया गया है। वहीं शिक्षकों की स्थानांतरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए नई शिक्षक स्थानांतरण नीति लागू की गई है।

विकसित भारत के निर्माण में दें योगदान

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देकर विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं।

Read More:

Pitru Paksha 2026 Start Date: इस दिन से शुरू होगा पितृ पक्ष, पंचांग से जानें सही तारीख और महत्व

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments