जयपुर में 23 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया 2026(Miss Universe India 2026) का ग्रैंड फिनाले आयोजित हुआ। देशभर से चुनी गई 52 फाइनलिस्ट्स के बीच केरल की 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो ने शानदार परफॉर्मेंस देते हुए ये खिताब अपने नाम किया है। इस जीत के साथ अब वह 75वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी जिसका आयोजन नवंबर में प्यूर्टो रिको में होना है।
प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और टैलेंट के जरिए जजों को प्रभावित करने की कोशिश की। इन सबके बीच ये देखा गया कि आखिरकार केजिया अपने प्रदर्शन से सबसे आगे रहीं।
कौन हैं केजिया लिज मेजो?
केरल के मावेलिक्कारा की रहने वाली केजिया लॉ की पढ़ाई कर रही हैं और मॉडलिंग भी करती हैं। इससे पहले उन्होंने 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया था जहां वह फर्स्ट रनर-अप रही थीं।
केजिया सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। उनके इंस्टाग्राम बायो में खुद को मॉडल, एक्टर और डांसर बताया गया है और उनके हजारों फॉलोअर्स हैं।
कभी थी आत्मविश्वास की कमी
खिताब जीतने के बाद केजिया ने अपनी निजी जर्नी के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि एक समय वह अपने लुक और व्यक्तित्व को लेकर काफी असहज महसूस करती थीं। उनके पास अपनी बिना फिल्टर वाली तस्वीरें तक नहीं होती थीं। लगातार खुद पर काम करने और खासकर बातचीत, व्यक्तित्व और लुक में सुधार करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
जूरी में कौन रहा दूसरा रनर-अप ?
इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप और गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप रहीं। जयपुर फिनाले की जूरी में सुष्मिता सेन, सेलिना जेटली, उर्वशी रौतेला, रिया सिंघा समेत कई चर्चित नाम शामिल थे। सुष्मिता सेन 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। अब केजिया लिज मेजो के पास भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी होगी।