Humanoid Robot Break Usain Bolt Record: चीन के एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100-मीटर दौड़ में ऐसा रिकॉर्ड बनाकर दुनिया को हैरान कर दिया है, जिसकी बराबरी करना इंसानों के लिए भी मुश्किल होगा। ‘लाइटनिंग’ नाम के इस रोबोट ने 100-मीटर की दूरी सिर्फ 9.32 सेकंड में पूरी की है। खास बात यह है कि यह समय दुनिया के सबसे तेज व्यक्ति उसेन बोल्ट के 9.58 सेकंड के रिकॉर्ड से भी कम है। हालांकि, रोबोट के इस समय को इंसानों के आधिकारिक वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया जाएगा, क्योंकि खेल के एक ही नियमों के तहत दोनों की तुलना नहीं की जा सकती।
9.32 सेकंड में 100 मीटर
चीनी स्मार्ट-डिवाइस कंपनी ऑनर के मुताबिक, उसके ह्यूमनॉइड रोबोट लाइटनिंग ने 100 मीटर की दूरी महज 9.32 सेकंड में पूरी की है। दौड़ के दौरान उसने करीब 14.5 मीटर प्रति सेकंड की अधिकतम रफ्तार पकड़ी। इस प्रदर्शन ने दिखाया कि रोबोट अब केवल चलने-फिरने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि तेज दौड़ने में भी सक्षम हो रहे हैं।
चाइनीज ह्यूमनॉइड रोबोट ने 9.39 सेकंड में 100 मीटर दौड़ लगाकर तोड़ा उसेन बोल्ट का (9.58 सेकंड) विश्व रिकॉर्ड#ChineseRobot #robotgames2026 #usainbolt #ᴠɪʀᴀʟᴠɪᴅᴇᴏ pic.twitter.com/ApY2bCfDhD
— MH ONE NEWS (@mhone_news) August 23, 2026
बोल्ट के रिकॉर्ड से भी तेज
उसैन बोल्ट ने 2009 में बर्लिन वर्ल्ड चैंपियनशिप में 100 मीटर की दौड़ 9.58 सेकंड में पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। यह रिकॉर्ड आज भी आधिकारिक तौर पर कायम है। लाइटनिंग का समय बोल्ट के रिकॉर्ड से 0.26 सेकंड कम है, लेकिन दोनों प्रदर्शनों की तुलना एक जैसे खेल नियमों के तहत नहीं की जा सकती। इसलिए लाइटनिंग का समय मानव विश्व रिकॉर्ड में शामिल नहीं होगा।
अब रोबोट खेलों में दिखाएंगे दम
लाइटनिंग 22 से 26 अगस्त तक बीजिंग में आयोजित होने वाले दूसरे वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स में हिस्सा लेगा। इन खेलों में रोबोट 100 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के अलावा लॉन्ग जंप, वेटलिफ्टिंग और टेबल टेनिस जैसे मुकाबलों में भी हिस्सा लेंगे।
हाफ मैराथन में भी बना चुका है रिकॉर्ड
चीन की रोबोटिक्स तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। चीनी स्मार्टफोन कंपनी ऑनर की ओर से बनाए गए लाइटनिंग ने बीजिंग हाफ मैराथन में भी हिस्सा लिया था। उसने 21 किलोमीटर की दूरी 50 मिनट 26 सेकंड में पूरी की थी। यह समय इंसानों के हाफ मैराथन विश्व रिकॉर्ड से भी कई मिनट तेज है।
इंसानों के रिकॉर्ड से आगे
पुरुषों में हाफ मैराथन का विश्व रिकॉर्ड युगांडा के जैकब किप्लिमो के नाम है, जिन्होंने 57 मिनट 20 सेकंड का समय दर्ज किया है। महिलाओं का विश्व रिकॉर्ड इथियोपिया की लेटेसेनबेट गिडे के नाम है, जिन्होंने 1 घंटा 2 मिनट 52 सेकंड में दूरी पूरी की थी।
रोबोट के पैरों की लंबाई बढ़ाई
हाफ मैराथन के समय लाइटनिंग रोबोट की लंबाई 169 सेंटीमीटर थी और उसके पैरों की लंबाई 95 सेंटीमीटर थी। बाद में वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स से पहले उसके पैरों की लंबाई 10 सेंटीमीटर बढ़ाकर 1.05 मीटर कर दी गई। इंसानों के लिए इस तरह पैरों की लंबाई बढ़ाना संभव नहीं है।
Read More:

