Tech Tips: आज के समय में सफर के दौरान स्मार्टफोन का इस्तेमाल आम बात है। लेकिन गर्म मौसम में कार के अंदर रखा फोन बहुत तेजी से गर्म हो सकता है। खासतौर पर अगर फोन डैशबोर्ड पर रखा हो या चार्जिंग पर लगा हो, तो उसका तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। लगातार ओवरहीटिंग से बैटरी, स्क्रीन और अन्य हार्डवेयर प्रभावित हो सकते हैं। कई मामलों में बैटरी फूलने या खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
एसी की हवा से रखें फोन
अगर सफर के दौरान फोन का इस्तेमाल जरूरी हो, तो उसे कार के एसी वेंट के पास रखा जा सकता है ताकि हल्की ठंडी हवा मिलती रहे। इससे फोन का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। हालांकि, बहुत तेज ठंडी हवा लगातार फोन पर नहीं डालनी चाहिए, क्योंकि अचानक तापमान बदलने से नमी बनने का खतरा रहता है, जो डिवाइस के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
मोटा कवर हटाएँ
ज्यादातर मोबाइल कवर सिलिकॉन या प्लास्टिक के बने होते हैं, जो फोन की गर्मी बाहर निकलने में रुकावट पैदा करते हैं। यदि कार के अंदर फोन ज्यादा गर्म हो रहा है, तो कुछ समय के लिए कवर हटाने से हीट आसानी से बाहर निकल सकती है और डिवाइस जल्दी ठंडा हो सकता है।
सीधी धूप से बचाकर रखें
कई लोग फोन को डैशबोर्ड माउंट पर लगा देते हैं, जहां उस पर लगातार धूप पड़ती रहती है। विंडशील्ड से आने वाली तेज धूप और डैशबोर्ड की गर्मी मिलकर फोन का तापमान तेजी से बढ़ा देती है। अगर नेविगेशन के लिए फोन का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो उसे ऐसी जगह रखें जहां सीधे धूप न पहुंचे।
भारी ऐप्स और चार्जिंग से बढ़ सकती है गर्मी
कार के अंदर पहले से ही तापमान ज्यादा होता है। ऐसे में गेम खेलना, वीडियो एडिट करना या दूसरे भारी ऐप्स चलाने से प्रोसेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और फोन ज्यादा गर्म होने लगता है। सफर के दौरान केवल जरूरी ऐप्स, जैसे मैप्स या म्यूजिक का ही इस्तेमाल करना बेहतर है। वहीं, चार्जिंग के दौरान भी फोन गर्म होता है। खासतौर पर वायरलेस चार्जिंग सामान्य केबल चार्जिंग की तुलना में ज्यादा गर्मी पैदा करती है, इसलिए गर्म मौसम में इससे बचना चाहिए।
ब्राइटनेस और गैर-जरूरी फीचर्स रखें बंद
अगर नेविगेशन चल रहा है, तो स्क्रीन की ब्राइटनेस जरूरत के अनुसार कम रखें। इससे बैटरी की खपत भी कम होगी और फोन का तापमान भी नियंत्रित रहेगा। साथ ही, जरूरत न होने पर Wi-Fi, Bluetooth, Hotspot और बैकग्राउंड में चल रहे अतिरिक्त ऐप्स बंद कर दें, ताकि प्रोसेसर पर दबाव कम पड़े।
ओवरहीट होने पर क्या करें?
कार छोड़ते समय फोन को अंदर भूलने की गलती न करें, क्योंकि बंद कार का तापमान बेहद ज्यादा हो सकता है और इससे बैटरी व अन्य पार्ट्स को नुकसान पहुंच सकता है। अगर फोन बहुत ज्यादा गर्म हो जाए, तो सबसे पहले उसका इस्तेमाल बंद करें और उसे सीधी धूप से हटाकर किसी ठंडी जगह रखें। जरूरत पड़ने पर फोन को कुछ देर के लिए स्विच ऑफ कर दें। हालांकि, फोन को फ्रिज या बर्फ के संपर्क में बिल्कुल न रखें, क्योंकि अचानक तापमान में बदलाव से डिवाइस को नुकसान पहुंच सकता है।
Read More:
‘मदरसा कहीं का भी हो, आतंकवाद ही पैदा करता है’, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने दिया बड़ा बयान

