Major Police Crackdown in Moga: पंजाब के मोगा में बढ़ रही लूट, स्नैचिंग, चोरी और नशा तस्करी की घटनाओं के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने लूट, चोरी, नशा तस्करी और डकैती की साजिश से जुड़े मामलों का खुलासा करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हेरोइन, ड्रग मनी, चोरी के वाहन और घातक हथियार भी बरामद किए गए हैं।
DSP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी कार्रवाई की जानकारी
DSP सिटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई मामलों में शामिल गिरोहों का भंडाफोड़ किया है। इनमें डकैती की साजिश रचते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, ड्रग मनी, चोरी के वाहन और वारदात में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए गए हैं।
रेलवे पुल के पास लूटी गई बाइक बरामद
थाना सिटी मोगा पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट के मामले (केस नंबर 172, दिनांक 13 जुलाई 2026) को सुलझाते हुए हरमनजीत सिंह और बलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने 12 जुलाई को कोटकपूरा बाईपास स्थित रेलवे पुल के पास शिकायतकर्ता जोत सिंह से प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB10-DT-3017) लूट ली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
वाहन चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना सिटी क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के एक अन्य मामले (केस नंबर 168, दिनांक 9 जुलाई 2026) में पुलिस ने तकनीकी और जमीनी जांच के आधार पर हुसनप्रीत सिंह और जसकरण सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस उनके दूसरे साथियों की तलाश में जुटी है।
कॉलेज के पास नशा तस्करों पर कार्रवाई
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी साउथ पुलिस ने डीएम कॉलेज के पास गश्त के दौरान राजवीर सिंह उर्फ बाबू और अर्शप्रीत सिंह उर्फ डुग्गू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 100 ग्राम हेरोइन और 21,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
डकैती की साजिश रचते 4 आरोपी दबोचे
एक अन्य कार्रवाई में थाना सिटी साउथ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डीएम कॉलेज के बाहरी मैदान में छापेमारी कर डकैती की साजिश रच रहे भगवान दास, इंदरजीत सिंह उर्फ तोता, सतनप्रीत सिंह और सुखप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक कापा, दो लोहे के खंडे और एक लोहे का खुरचना बरामद हुआ। इस मामले में दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Read More:

