देश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर कोविड-19(Corona) संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में हाल ही में संक्रमण के ताजा मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि, फिलहाल व्यापक स्तर पर संक्रमण फैलने के संकेत नहीं हैं लेकिन विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की सलाह दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 27 वर्षीय एक युवक की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सांस लेने में परेशानी होने पर उसे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां जांच के दौरान संक्रमण की पुष्टि हुई। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला इस बात की याद दिलाता है कि वायरस पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और सावधानी अभी भी जरूरी है।
आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामलों पर नजर
आंध्र प्रदेश में भी कोविड-19 के कुछ नए मामले दर्ज किए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य में आठ सक्रिय मरीज हैं। आपको बता दें कि हाल के हफ्तों में संक्रमण से दो लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण किस वैरिएंट से जुड़ा है। इससे आगे की रणनीति तय करने में मदद मिलेगी।
महाराष्ट्र में भी मिला नया संक्रमित
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोविड-19 का एक नया मामला सामने आया है। इसी बीच गायक कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू के संक्रमित होने की जानकारी भी सामने आई है। उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील कर रहे हैं। आवश्यक होने पर जांच कराना और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना संक्रमण की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।