मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में 40 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म और गंभीर हिंसा का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घर में घुसे थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात कुछ अज्ञात लोग महिला के घर में घुसे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों का मकसद चोरी हो सकता है। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। परिजनों और पुलिस के अनुसार, महिला को गंभीर शारीरिक चोटें भी पहुंचाई गईं। इस मामले में मेडिकल जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#WATCH अलीराजपुर(मध्य प्रदेश): बोरी इलाके में डकैती और विधवा महिला के साथ कथित गैंग रेप मामले पर पुलिस सुपरिटेंडेंट, अलीराजपुर, रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया, "महिला घर में अकेले रहती थी, उनके दोनों बच्चे बाहर हैं। रात को उनके घर कुछ अपराधी घुस गए। अपराधियों ने घर में चोरी की और… pic.twitter.com/7djVMiyYJT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 12, 2026
गहने और मोबाइल भी ले गए आरोपी
अलीराजपुर के SP रघुवंश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि महिला घर में अकेले रहती थी, उनके दोनों बच्चे बाहर हैं। रात में घर के भीतर घुसे कुछ अज्ञात बदमाशों ने चोरी करने के साथ-साथ दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया। फिलहाल इस मामले में अलग-अलग टीम बनाकर घटना की जांच की जा रही है। घटना के बाद आरोपी महिला के चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार के बावजूद मौके पर कोई उसकी मदद के लिए नहीं पहुंच सका।
इंदौर में चल रहा इलाज
गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की सर्जरी की गई है और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के गांवों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
Read More
EU की Meta पर बड़ी कार्रवाई, कहा – अगर नहीं किए ये बदलाव तो लगाएंगे भारी जुर्माना

