उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क(Majlis Park) इलाके में शनिवार रात एक भीषण आग की घटना सामने आई है जिसने कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग की शुरुआत इमारत की दूसरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर (AC) से हुई थी जहां शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलते हुए ऊपर की मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया था।
आग तीसरी मंजिल तक पहुंचने के बाद वहां लगे AC के आउटडोर यूनिट तक फैल गई थी। जिससे पूरा फ्लोर इसकी चपेट में आ गया था। इस मंजिल पर DRDO के वैज्ञानिक अरि सुदन तिवारी का घर था जो आग में पूरी तरह जलकर राख हो गया है। दूसरी मंजिल का भी एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
शादी समारोह में होने से बची जान
स्थानीय लोगों के अनुसार अरि सुदन तिवारी अपने परिवार के साथ बिहार में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर खाली होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग से उठते धुएं की वजह से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
शनि बाजार के चलते दमकल को हुई परेशानी
दिल्ली फायर सर्विस को रात लगभग 9:20 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को लगने वाले शनि बाजार और सड़क पर मौजूद रेहड़ी-पटरी के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने आग पर समय रहते काबू पा लिया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया।
दो दमकलकर्मी घायल
आग बुझाने के अभियान के दौरान दमकल विभाग के दो कर्मचारी घायल हो गए। शुरुआती जांच में AC में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है हालांकि संबंधित एजेंसियां तकनीकी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण की का पता लग पाएगा।