आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोविड-19(COVID-19) संक्रमण से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। मरीज को पिछले महीने इलाज के लिए वेल्लोर स्थित CMC अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां जांच में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी और उपचार के करीब चार दिन बाद उसकी हालत गंभीर होने के बाद उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमण के चलते मरीज के फेफड़ों पर गंभीर असर पड़ा था। हालत बिगड़ने के बाद उसे विशेष निगरानी में रखा गया था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इसकी चपेट में आए इलाके को कंटेनमेंट जोन में बदल दिया है। इसके साथ ही मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच और निगरानी भी की जा रही है। वहीं, इलाके में संक्रमण की रोकथाम के लिए सैनिटाइजेशन अभियान भी शुरू किया गया है।
कडप्पा और तिरुपति में पाए गए 5 संक्रमित
इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कोविड स्थिति की समीक्षा की है। इस दौरान कडप्पा और तिरुपति जिलों में पांच नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। आपको बता दें कि राज्य के मेडिकल एजुकेशन डायरेक्टर (DME) ने सरकारी अस्पतालों को तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों से आइसोलेशन वार्ड, ICU सुविधाएं, ऑक्सीजन सपोर्ट, वेंटिलेटर, जरूरी दवाएं, टेस्टिंग किट, एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता की जानकारी मांगी गई है।
भारत में कोविड-19 से मौतों का कितना रहा आंकड़ा ?
भारत में कोविड-19 से होने वाली मौतों के आधिकारिक आंकड़े लगभग 5.3 लाख बताए गए हैं। हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने महामारी के प्रभाव का आकलन करते हुए भारत में 47 लाख से भी ज्यादा कोविड से जुड़ी मौतों का अनुमान लगाया था। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर कोरोना महामारी के दौरान लाखों लोगों की जान गई थी।