उत्तर प्रदेश पुलिस(UP Police) उपनिरीक्षक (SI) भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान गाजियाबाद में कुछ अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक खराब होने का मामला सामने आया है। यह घटना उन उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है जो सरकारी नौकरी की तैयारी के साथ-साथ शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। लिखित परीक्षा की तरह ही फिजिकल टेस्ट में भी बेहतर तैयारी और स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है।
गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी परिसर में आयोजित PET के दौरान दौड़ में हिस्सा ले रहे 10 अभ्यर्थी अचानक चक्कर आने के बाद गिर गए। इनमें एक महिला उम्मीदवार भी शामिल थी। घटना के तुरंत बाद परीक्षा स्थल पर मौजूद मेडिकल टीम ने सभी अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें आगे की जांच के लिए संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया।
दो उम्मीदवारों को किया गया रेफर
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दो अभ्यर्थियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया। वहीं, बाकी उम्मीदवारों की हालत सामान्य पाई गई और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। समय पर इलाज की मदद सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को जरूरी उपचार मिल सका।
4,543 SI पदों के लिए चल रही है भर्ती
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उपनिरीक्षक (SI) के 4,543 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग केंद्रों पर शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जा रही है। गाजियाबाद केंद्र पर परीक्षा के पहले दिन 565 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें 164 महिला अभ्यर्थी भी थीं।
विशेषज्ञों ने दी ये सलाह
विशेषज्ञों के मुताबिक, शारीरिक परीक्षा में शामिल होने से पहले उम्मीदवारों को नियमित अभ्यास करना चाहिए। अचानक लंबे समय तक दौड़ लगाने से शरीर पर दबाव बढ़ सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त पानी पीना, पौष्टिक भोजन लेना, पूरी नींद लेना और अपनी क्षमता के अनुसार नियमित रनिंग प्रैक्टिस करनी चाहिए।
फिजिकल टेस्ट में सफलता केवल मेहनत से नहीं बल्कि सही तैयारी, अनुशासन और स्वास्थ्य प्रबंधन से भी जुड़ी होती है। उम्मीदवारों को परीक्षा वाले दिन अपनी फिटनेस और शरीर के संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।