मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। भारी बारिश के बीच फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में दरवाजा बंद करने और सीट को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
अंधेरी से शुरू हुआ विवाद
बोरीवली GRP के अनुसार, मृतक की पहचान विरार निवासी मयंक रमेश लोहार के रूप में हुई है। वह अंधेरी स्थित एक रिटेल स्टोर में सेल्समैन के तौर पर काम करता था और रोजाना लोकल ट्रेन से यात्रा करता था। मंगलवार रात मयंक चर्चगेट से विरार जाने वाली फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुआ था। अंधेरी स्टेशन से आरोपी भी उसी कोच में चढ़ा। तेज बारिश के कारण मयंक ने आरोपी से ट्रेन का दरवाजा बंद करने को कहा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकालकर मयंक के पेट पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मयंक की मौके पर ही मौत हो गई।
बोरीवली पहुंचते ही भाग निकला आरोपी
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतर गया और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। GRP ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान के लिए CCTV फुटेज, लोगों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
रेलवे पुलिस का कहना है कि स्टेशन और ट्रेन से जुड़े उपलब्ध CCTV फुटेज सुरक्षित कर लिए गए हैं। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। पश्चिम रेलवे ने भी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
Read More
Delhi में देर रात सड़क पर सो रही 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म, घटना के 6 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

