लखनऊ(Lucknow) में घर बनाने या व्यापार शुरू करने का सपना देखने वालों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर की कई आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं में संपत्तियों की ई-नीलामी शुरू कर दी है। इस नीलामी में गोमती नगर विस्तार और बसंतकुंज जैसी प्रमुख योजनाओं सहित कुल 475 संपत्तियां शामिल की गई हैं जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह प्रक्रिया LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर आगे बढ़ाई जा रही है।
योजना के तहत 149 आवासीय भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं जिनका आकार 25 से 300 वर्गमीटर तक है। गोमती नगर विस्तार सेक्टर-6 में हाल ही में खाली कराई गई जमीन पर 12 नए प्लॉट तैयार किए गए हैं जिनकी दर लगभग 36 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। इनकी कीमत 40 लाख से 82 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है।
‘एडु सिटी’ हो रही विकसित
इसके अलावा, अनंत नगर योजना को ‘एडु सिटी’ के रूप में विकसित किया जा रहा है जिसके तहत शैक्षणिक संस्थानों के लिए आरक्षित 9 भूखंड भी नीलामी में शामिल किए गए हैं। बसंतकुंज और कानपुर रोड योजनाओं में स्कूल के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है जबकि वजीरगंज क्षेत्र में ग्रुप हाउसिंग के 4 भूखंड बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं के लिए रखे गए हैं।
कैसे ले सकते हैं नीलामी में हिस्सा ?
व्यावसायिक अवसरों के तहत गोमती नगर, चौक, बालागंज, कंचन मार्केट और कानपुर रोड जैसी जगहों पर 50 से अधिक दुकानें और चबूतरे भी ई-नीलामी में शामिल किए गए हैं। साथ ही कई तैयार फ्लैट भी बोली के लिए उपलब्ध हैं।
इच्छुक आवेदक एलडीए के ई-ऑक्शन पोर्टल पर 28 मई तक पंजीकरण कर सकते हैं। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए संपत्ति के आरक्षित मूल्य का 10 प्रतिशत बतौर ईएमडी जमा करना अनिवार्य होगा।