टीवी की मशहूर ‘नागिन’ फेम एक्ट्रेस मौनी रॉय(Mouni Roy) की शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने पति सूरज नांबियार से अलग होने का फैसला कर लिया है। दोनों की शादी को करीब चार साल ही हुए थे। अब बताया जा रहा है कि दोनों साथ नहीं रह रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे को अनफॉलो कर चुके हैं।
इसी बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि मौनी रॉय को उनके पति ने फेम हासिल करने के लिए धोखा दिया और उनके पैसों का भी गलत इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन दावों की अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दोनों की ओर से तलाक को लेकर कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। इसके बावजूद, मौनी ने सोशल मीडिया से सूरज के साथ अपनी कई तस्वीरें हटा दी हैं।
साल 2022 में हुई थी लव मैरिज
बताया जाता है कि मौनी और सूरज ने साल 2022 में गोवा में भव्य तरीके से शादी की थी। यह शादी मलयाली और बंगाली रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी और काफी चर्चा में रही थी। इस बीच यह भी सामने आया है कि मौनी की करीबी दोस्त दिशा पाटनी ने भी सूरज नांबियार को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है, जिससे चर्चाओं को और हवा मिल गई है।
मौनी ने कब की थी अपने करियर की शुरुआत ?
वर्कफ्रंट की बात करें तो मौनी रॉय ने टीवी इंडस्ट्री से अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से की थी, जहां उन्होंने कृष्णा तुलसी का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने ‘देवों के देव…महादेव’, ‘नागिन’ जैसे कई हिट शोज में काम किया और घर-घर में पहचान बनाई।
फिल्मों में भी मौनी ने अपनी जगह बनाई है। वे ‘गोल्ड’, ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘रोमियो अकबर वॉल्टर’ और ‘केजीएफ: चैप्टर 1’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। आने वाले समय में वह ‘विश्वम्भरा’, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘द वाइव्स’ जैसी फिल्मों में दिखाई देंगी।