Punjab Tarn Taran BJP Office Attack: पंजाब के तरनतारन इलाके में भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय पर हमला होने से इलाके में तनाव का माहौल है। तरनतारन बाईपास के पास मौजूद BJP कार्यालय में सोमवार को कुछ अज्ञात हमलावर घुस आए और वहां जमकर तोड़फोड़ की। हमले के दौरान कार्यालय में मौजूद कुछ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गई है ऐसा भी कहा जा रहा है।
15 से 20 लोगों ने की तोड़फोड़
भाजपा नेताओं के मुताबिक, करीब 15 से 20 अज्ञात लोग अचानक कार्यालय में घुस आए। हमलावरों ने कार्यालय के शीशे तोड़ दिए और अंदर रखी कुर्सियों समेत कई सामान को नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से दफ्तर में मौजूद कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई।
लगाए गए विरोध में नारे
भाजपा नेताओं के मुताबिक, हमले के दौरान हमलावरों ने पंजाब एकता जिंदाबाद और भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने इसी तरह के पोस्टर भी कार्यालय परिसर में फेंके। घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।
एक युवक को पकड़ने का दावा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भाजपा नेताओं ने हमले के दौरान एक युवक को पकड़ लिया था। हालांकि उसके साथी मौके पर पहुंचे और उसे छुड़ाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। भाजपा नेताओं ने इस घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। इलाके में तनाव को देखते हुए भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी है ताकि किसी तरह की घटना को रोका जा सके।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
जल्द कार्रवाई का भरोसा
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Read More:

