सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर देशभर में सोमवार को धार्मिक और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर कई स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई। गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री ने दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(CM Rekha Gupta) ने चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक श्री गौरी शंकर मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा और जलाभिषेक किया। उनके साथ कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर भगवान शिव की आराधना की और देश-प्रदेश की शांति व विकास के लिए प्रार्थना की।
दिखाया गया सोमनाथ का सीधा प्रसारण
मंदिर परिसर में सोमनाथ मंदिर के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ देखा। इस दौरान पूरे वातावरण में “हर हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। पूजा के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की आस्था और आत्मबल का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बार-बार विनाश के बाद भी इस मंदिर का पुनर्निर्माण यह दर्शाता है कि देश की सांस्कृतिक चेतना को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि आज देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “विकास और विरासत” दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर मौजूद मंत्रियों और श्रद्धालुओं ने भी इसे भारत की सांस्कृतिक एकता और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व बताया।