HomeBreaking Newsहरियाणा निकाय चुनाव में वोटिंग हुई शुरू, कई सीटों पर कांटे की...

हरियाणा निकाय चुनाव में वोटिंग हुई शुरू, कई सीटों पर कांटे की टक्कर, दांव पर दिग्गजों की साख

Haryana Nikay Chunav 2026 Voting: हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के लिए रविवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। राज्य के 7 नगर निकायों में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी, जबकि मतगणना 13 मई को होगी। इस चुनाव में कुल 8.71 लाख मतदाता 614 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे।

कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला

इस बार के निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं। कई जगहों पर मुकाबला सीधा न होकर त्रिकोणीय बन गया है। राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। बीजेपी ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं कांग्रेस भी सत्ता पक्ष को कड़ी टक्कर देने की कोशिश में जुटी हुई है।

अंबाला में BJP-कांग्रेस और निर्दलीय के बीच फाइट

अंबाला शहर में मेयर पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। यहां बीजेपी की अक्षिता सैनी, कांग्रेस की कुलविंदर कौर और जेजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया चौधरी के बीच कड़ा मुकाबला है। स्थानीय मुद्दों और महिला वोटरों की भूमिका इस सीट पर अहम मानी जा रही है।

सोनीपत में बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने

सोनीपत नगर निगम में बीजेपी के राजेश जैन और कांग्रेस के कमल दिवान के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। यहां कुल 2,96,045 मतदाता 22 वार्डों के 264 बूथों पर मतदान कर रहे हैं। बीजेपी के लिए यहां अपनी सत्ता बचाना चुनौती है, जबकि कांग्रेस वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही उत्साह दिखाई दिया।

पंचकूला में चार दलों के बीच मुकाबला

पंचकूला निकाय चुनाव में मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। बीजेपी ने श्याम लाल बंसल को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज पर दांव लगाया है। इसके अलावा आईएनएलडी के मनोज अग्रवाल और आम आदमी पार्टी के राजेश मनोचा भी चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में यहां वोटों का बंटवारा परिणाम को दिलचस्प बना सकता है।

उकलाना, सांपला और धारूहेड़ा में निर्दलीयों का असर

उकलाना नगर पालिका में बीजेपी की निकिता गोयल और निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी के बीच सीधा मुकाबला है। यहां युवा मतदाता चुनावी परिणाम में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वहीं रोहतक के सांपला में बीजेपी प्रत्याशी प्रवीण कोच को दो निर्दलीय उम्मीदवारों से चुनौती मिल रही है। धारूहेड़ा नगर पालिका में बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर बनी हुई है, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।

रेवाड़ी में बीजेपी और कांग्रेस की सीधी भिड़ंत

रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में बीजेपी की विनीता पीपल और कांग्रेस की निहारिका चौधरी आमने-सामने हैं। यहां दोनों दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी है। स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे चुनाव प्रचार के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा में रहे।

13 मई को आएंगे नतीजे

राज्यभर में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी है। अब सभी की नजरें 13 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो हरियाणा की स्थानीय राजनीति की दिशा तय करेंगे।

Read More:

तमिलनाडु में खत्म हुआ सस्पेंस, आज सुबह 10 बजे CM पद की शपथ लेंगे विजय थलापति, किन पार्टियों का मिला समर्थन?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments