भारत और वियतनाम ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देते हुए उन्हें अब “एन्हैंस्ड कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” के स्तर तक उन्नत कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच हुई अहम वार्ता में व्यापार, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की मौजूदगी में दोनों देशों ने 13 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत और वियतनाम ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 25 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
13 समझौतों से बढ़ेगा सहयोग
-
भारत और वियतनाम के बीच डिजिटल पेमेंट, फार्मास्यूटिकल्स, रेयर अर्थ मिनरल्स, शिक्षा, बैंकिंग, संस्कृति और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते हुए।
-
दोनों देशों के केंद्रीय बैंकों के बीच भी सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत भारत का UPI और वियतनाम का फास्ट पेमेंट सिस्टम जल्द ही लिंक किया जाएगा। इससे दोनों देशों के बीच वित्तीय लेनदेन और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
-
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय दवाओं, कृषि उत्पादों, मत्स्य पालन और पशु उत्पादों के वियतनाम निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही वियतनाम में भारतीय अंगूर और अनार का स्वाद देखने को मिलेगा।
इंडो-पैसिफिक और सुरक्षा पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के बीच बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की स्थिति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर भी चर्चा की। चीन की बढ़ती गतिविधियों के बीच दोनों देशों ने कानून के शासन, शांति और स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वियतनाम भारत की “एक्ट ईस्ट पॉलिसी” और “विजन महासागर” का अहम स्तंभ है। उन्होंने कहा कि रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत किया जाएगा ताकि क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि बनी रहे।
भारत-ASEAN व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
दोनों देशों ने इस साल के अंत तक भारत-ASEAN व्यापार समझौते को अपडेट करने पर भी सहमति जताई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे भारत और ASEAN देशों के बीच व्यापार और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने वियतनाम का पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत के समर्थन में खड़े रहने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
Read More
कांग्रेस नेताओं को ‘पप्पू’ बनाने वाला गिरफ्तार, राहुल गाँधी का PA बनकर नेताओं से ठगे करोड़ो रूपए !

