महाराष्ट्र के कोल्हापुर(Kolhapur) जिले के हातकणंगले इलाके से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है जहां एक युवक पर कई लड़कियों को प्रेम संबंध के बहाने फंसाकर उनका शोषण और ब्लैकमेल करने के आरोप लगे हैं। इस मामले में शाहिद समीर सनदी नाम के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोप है कि युवक ने अलग-अलग लड़कियों से नजदीकी बढ़ाई और उन्हें भरोसे में लेकर अलग-अलग जगहों पर ले जाकर निजी वीडियो बनाए। बाद में इन्हीं वीडियो का इस्तेमाल कर उन पर दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने की बात सामने आई है।
पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत
मामला तब उजागर हुआ जब एक पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। शुरुआत में केस राजारामपुरी पुलिस के पास दर्ज हुआ था जिसे बाद में हातकणंगले पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को शक है कि आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों में कई अहम सबूत हो सकते हैं हालांकि यह भी आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी से पहले कुछ डेटा डिलीट किया गया हो सकता है। सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए साइबर सेल भेजा गया है।
पुलिस ने बढ़ाई इलाके की निगरानी
इस मामले में एक और युवक शाहरुख देसाई का नाम भी सामने आया है जिस पर आरोपी की मदद करने का आरोप है। वह शुरुआत में फरार बताया जा रहा था लेकिन बाद में पुलिस ने उसे कराड से हिरासत में ले लिया।
फिलहाल पुलिस के पास दो पीड़िताओं की औपचारिक शिकायत दर्ज है जबकि आशंका जताई जा रही है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी और भी पीड़िताएं सामने आ सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।