पंजाब में शुक्रवार यानी आज सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए ब्लैकआउट(Punjab Blackout) मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। राज्य के सभी जिलों में यह अभ्यास रात 8:00 बजे से 8:15 बजे तक किया जाएगा। अमृतसर के पिटेक्स ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू और लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) समेत कुछ चुनिंदा इलाकों में इसका विशेष तौर पर संचालन होगा।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7:55 बजे सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों से भी पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को सूचित किया जाएगा। सायरन बजते ही बिजली विभाग तय समय के लिए सप्लाई बंद कर देगा और पूरे इलाके में अंधेरा कर दिया जाएगा।
कई एजेंसियां मिलकर करेंगी अभ्यास
इस मॉक ड्रिल में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस और NCC सहित कई विभाग मिलकर भाग लेंगे। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया देने की तैयारियों को जांचना है।
लोगों से सहयोग की अपील
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभ्यास में पूरा सहयोग करें और निर्धारित समय के दौरान सभी लाइटें बंद रखें। साथ ही जनरेटर, इनवर्टर, टॉर्च, मोमबत्ती या अन्य किसी भी प्रकार की रोशनी का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है, ताकि ब्लैकआउट का वास्तविक अनुभव हासिल किया जा सके।
अमृतसर जिला प्रशासन के अनुसार, यह अभ्यास केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मकसद पूरे राज्य में सिविल डिफेंस सिस्टम की तैयारियों का आकलन करना है।