मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं, दूसरी तरफ पूर्वोत्तर और पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा, जहां बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
कई हिस्सो में मौसम लेगा करवट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश के आसार हैं, साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों जैसे केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके उलट, उत्तर और मध्य भारत में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में लू चलने की संभावना बनी हुई है। तापमान में कुछ और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।
दिल्ली में तेज होगी गर्मी
दिल्ली में भी आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है और अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को खासा परेशान कर सकती हैं।
रात के समय भी राहत मिलने के आसार कम हैं। ‘गर्म रात’ जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे लोगों को आरामदायक नींद लेना भी मुश्किल हो सकता है। मौसम विभाग ने खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
23 अप्रैल से उत्तराखंड में हल्कि बारिश की आशंका
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा और 25 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी दी गई है। वहीं उत्तराखंड और आसपास के पहाड़ी इलाकों में 23 अप्रैल से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।